रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले बनभूलपुरा में पुलिस अलर्ट।

नैनीताल पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च, एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई तेज; भारी पुलिस बल तैनात, उपद्रव और अफवाह फैलाने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई।

हल्द्वानी (नैनीताल)। बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सर्वोच्च न्यायालय में अहम सुनवाई से पहले नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मामले की सुनवाई हेतु आज बुधवार की तिथि नियत है। क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए आवश्यक एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात करने के साथ ही लगातार एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सभी अधीनस्थ प्रभारियों को शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में बनभूलपुरा क्षेत्र में तैनात पुलिस बल को एसपी अपराध एवं यातायात नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र की अध्यक्षता में कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में ब्रीफ किया गया। ब्रीफिंग के दौरान ड्यूटी में लगे समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगणों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

ब्रीफिंग के दौरान एसपी सिटी मनोज कत्याल, एसपी संचार/ऑफिस रेवाधर मठपाल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, रविकांत सेमवाल क्षेत्राधिकारी भवाली, पुलिस उपाधीक्षक बलजीत सिंह भाकुनी, सीएफओ गौरव किरार आदि मौजूद रहे।

भारी पुलिस बल की तैनाती:
सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के उपरांत शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। तैनात बल में 2 सुपर जोन, 4 जोन, 2 एसपी, 5 सीओ, 15 इंस्पेक्टर/एसओ, 10 आईसी/ओपी, 45 एसआई/एडिशनल एसआई, 10 एलएसआई/एडिशनल एलएसआई, 182 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल, 47 महिला हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल तथा पीएसी की 2 कंपनियां शामिल हैं। इसके साथ ही ड्रोन की 2 टीमें भी तैनात की गई हैं।

विशेष पुलिस एवं सुरक्षा टीमें तैनात:
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए ड्रोन निगरानी हेतु 2 विशेष टीमें, अग्निशमन विभाग की 4 यूनिट, यातायात पुलिस की 4 टीमें, बम निरोधक दस्ते की 1 टीम, हॉक पुलिस की 2 यूनिट, पुलिस लाइन से अतिरिक्त विशेष दस्ते, टियर गैस की 2 टीमें, एंटी रायट की 2 टीमें तथा फायरिंग स्क्वाड की 2 टीमें तैनात की गई हैं। आवश्यकता के अनुसार अन्य विशेष वाहन एवं संसाधन भी तैनात रहेंगे।

चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा, फ्लैग मार्च से एरिया डोमिनेशन:
बनभूलपुरा क्षेत्र में पुलिस द्वारा लगातार एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का चप्पे-चप्पे पर कड़ा पहरा है और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार चेकिंग की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध प्रीवेंटिव डिटेंशन की कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लगातार सत्यापन अभियान भी चलाया जा रहा है।

शांति व्यवस्था स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशन, लाइन नंबर 17, इन्द्रानगर बड़ी रोड, मुजाहिद चौक, गोपाल मंदिर, ठोकर, शनि बाजार रोड, छोटी रोड इन्द्रानगर, ठोकर, ताज मस्जिद, 16 नंबर तिराहा, गांधी नगर, लाइन नंबर 8, चोरगलिया रोड, ताज चौराहा, भारद्वाज चौराहा, रेलवे स्टेशन गेट सहित विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया।

फ्लैग मार्च डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी नैनीताल के नेतृत्व तथा मनोज कुमार कत्याल, एसपी हल्द्वानी एवं रेवाधर मठपाल, एसपी संचार के पर्यवेक्षण में निकाला गया। इसमें अमित कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी, रविकांत सेमवाल, सीओ भवाली, ज्ञानेंद्र शर्मा, निरीक्षक अभिसूचना, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल, सुशील कुमार, प्रभारी निरीक्षक रामनगर, हरपाल सिंह, प्रभारी निरीक्षक तल्लीताल, तारा सिंह राणा, थानाध्यक्ष चोरगलिया, थाना पुलिस बल, पीएसी, एंटी राइट, बीडीएस, फायर, ड्रोन टीम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी:
पुलिस द्वारा क्षेत्र की निगरानी धरातल के साथ-साथ हवाई रुप से भी की जाएगी। विशेष ड्रोन के माध्यम से छतों, गलियों और संवेदनशील स्थानों पर नजर रखी जाएगी। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी लगातार निगरानी की जा रही है।

पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी सघन निगरानी रख रही है। अफवाह फैलाने, भ्रामक या तथ्यहीन सूचनाएं प्रसारित करने, लोगों को गुमराह करने, माहौल खराब करने वाली पोस्ट डालने अथवा अनर्गल एवं भड़काऊ बयानबाजी करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

छतों पर पत्थर या मलबा जमा करने वालों पर होगी कार्रवाई:
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हिंसा या उपद्रव की नीयत से छतों पर पत्थर, रोड़ी, ईंट, मलबा, हथियार अथवा हथियारनुमा वस्तुएं जमा करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। किसी भी व्यक्ति अथवा समूह द्वारा उपद्रव की तैयारी किए जाने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

एसएसपी नैनीताल ने की शांति बनाए रखने की अपील:
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय का सम्मान करें तथा अग्रिम कार्रवाई में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने लोगों से शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने, किसी भी प्रकार की अफवाहों का प्रचार-प्रसार करने से बचने और जिम्मेदार नागरिक का परिचय देने की अपील की है।

नैनीताल पुलिस ने कहा है कि जनपद पुलिस फील्ड के साथ-साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी सतर्क दृष्टि बनाए हुए है। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी तरह की पोस्ट करने से बचें। भ्रामक, तथ्यहीन, आपत्तिजनक अथवा भड़काऊ पोस्ट एवं टिप्पणी करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *