रामनगर-भतरौंजखान मार्ग पर दर्दनाक हादसा, खाई में गिरा डंपर; चालक की मौत।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। रामनगर-मोहान-भतरौंजखान-चौखुटिया मोटर मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। थाना भतरौंजखान क्षेत्र के अंतर्गत कुमेरिया डेन रिजॉर्ट के समीप, मोहान से करीब 10 किलोमीटर पहले एक डंपर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में डंपर चालक की मौत हो गई।
हादसे के बाद डंपर चालक के लापता होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलने पर SDRF की टीम मौके पर पहुंची। अपर उप निरीक्षक सुंदर सिंह बोरा के नेतृत्व में पहुंची SDRF टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन के आस-पास तलाश शुरु करने के साथ ही खाई में भी सर्च अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान डंपर से कुछ दूरी नीचे खाई में चालक का शव बरामद हुआ। घटनास्थल की कठिन भौगोलिक स्थिति के कारण शव को खाई से बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण रहा। SDRF जवानों ने रेस्क्यू उपकरणों और रस्सियों की सहायता से अभियान चलाकर शव को बमुश्किल सुरक्षित खाई से बाहर निकाला।
मृतक की पहचान 36 वर्षीय जसवंत सिंह उर्फ गुड्डू, निवासी गजार गाँव, तहसील चौखुटिया, जनपद अल्मोड़ा के रुप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय डंपर में चालक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति सवार नहीं था।
थाना भतरौंजखान पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरु कर दी है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जाँच की जा रही है।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल




