खेत-क्यारियों के विवाद में बुजुर्ग महिला की हत्या, 75 वर्षीय आरोपी राजा बाबू गिरफ्तार।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। तहसील स्याल्दे के अंतर्गत ग्राम रतखेत में आपसी विवाद में एक बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में गाँव के ही 75 वर्षीय नामजद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दराती भी बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चन्द्रशेखर घोड़के के निर्देश पर घटना की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए अधीनस्थ अधिकारियों ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। वैज्ञानिक जाँच सुनिश्चित करने के लिए फॉरेंसिक टीम से घटनास्थल पर साक्ष्य संकलित कराए गए।

मृतका के भाई की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा:
मृतका के भाई हरीश चन्द्र ढौडियाल, पुत्र नारायण दत्त ढौडियाल, निवासी ग्राम रतखेत बसई ने 19 सितंबर 2026 को थाना देघाट में तहरीर दी कि राजे सिंह ने उनकी बहन तुलसी देवी, उम्र 65 वर्ष, के साथ गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार से सिर एवं शरीर पर प्राणघातक हमला कर उनकी हत्या कर दी।

प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना देघाट में मु. FIR संख्या 13/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

ढाई घंटे तक पहाड़ी व जंगलों में की कॉम्बिंग:
थानाध्यक्ष देघाट अजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी की तलाश शुरु की। पुलिस टीमों ने पहाड़ी एवं जंगलों में लगभग ढाई घंटे तक कॉम्बिंग की और एफआईआर दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को थाना क्षेत्रांतर्गत से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की दराती भी बरामद कर ली गई है।

पूछताछ में खेत-क्यारियों को लेकर विवाद की बात आई सामने:
पूछताछ में अभियुक्त ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि पिछले लगभग चार वर्षों से मृतका द्वारा घर के सामने स्थित खेती एवं क्यारियों को लेकर उसके तथा उसके परिजनों के साथ आए दिन गाली-गलौज की जाती थी।

अभियुक्त के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को भी तुलसी देवी के साथ उसकी गाली-गलौज हुई थी। इसी बात को लेकर हुई आपसी कहासुनी के चलते उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

गिरफ्तार अभियुक्त:
राजे सिंह बोरा उर्फ राजा बाबू उर्फ राजेन्द्र सिंह पुत्र दौलत सिंह, उम्र 75 वर्ष, निवासी ग्राम रतखेत बसई

बरामदगी में:
हत्या में प्रयुक्त लोहे की दराती

पुलिस टीम में:
● थानाध्यक्ष देघाट अजेन्द्र प्रसाद
● विवेचक उपनिरीक्षक गंगा राम गोला
● हेड कांस्टेबल नीरज बिष्ट
● हेड कांस्टेबल करुण मिश्रा
● कांस्टेबल अशोक बिष्ट शामिल रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *