सीएचसी देवायल में सांकेतिक तालाबंदी कर दिया धरना, 20 दिन में सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। सल्ट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवायल में खस्ताहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आधे घंटे तक सीएचसी के गेट पर सांकेतिक तालाबंदी की। इस संबंध में पूर्व में प्रशासन को ज्ञापन दिया गया था। इस दौरान धरना दिया गया तथा ऐलान किया गया कि यदि आगामी 20 दिनों के भीतर सीएचसी में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती सहित मानक के अनुसार सुविधाएं उपलब्ध नहीं हुईं, तो आंदोलन शुरु कर दिया जाएगा।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत ने कहा कि दूरस्थ व दुर्गम इलाकों के अस्पतालों में मानक के अनुसार डॉक्टरों व सुविधाओं के अभाव में वे महज रेफर सेंटर बनकर रह गए हैं जिसका खामियाजा संबंधित क्षेत्र के लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि लचर स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर प्रदेशव्यापी निर्णायक आंदोलन नितांत आवश्यक है।
इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विशनदत्त, घनानंद शर्मा, अमित रावत, मोहन चंद्र शर्मा, जीवन सिंह, के.पी. शर्मा आदि मौजूद रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल






