खटीमा महाविद्यालय में ‘विकसित भारत @2047’ थीम पर फिट इंडिया जागरुकता कार्यक्रम आयोजित।
योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का प्रदर्शन; प्रतियोगिता और प्रश्नोत्तरी के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए किया प्रेरित।
खटीमा (उधम सिंह नगर)। हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खटीमा में योग विभाग के तत्वावधान में ‘मेरे सपनों का भारत : विकसित भारत @2047’ थीम के अंतर्गत फिट इंडिया जागरुकता कार्यक्रम 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन, योग, नियमित व्यायाम तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरुक करना था।
प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार कटियार ने दिलाई फिट इंडिया की शपथ:
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार कटियार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों को फिट इंडिया की शपथ दिलाई तथा स्वस्थ शरीर और संतुलित मन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में स्वस्थ, अनुशासित एवं ऊर्जावान युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। योग, प्राणायाम, ध्यान और नियमित व्यायाम को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाकर न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास और कार्यक्षमता में भी वृद्धि की जा सकती है।

योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का कराया व्यावहारिक प्रदर्शन:
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का व्यावहारिक प्रदर्शन कराया गया। साथ ही विद्यार्थियों में स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से योगासन प्रतियोगिता और प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को योग के महत्व, शारीरिक सक्रियता तथा स्वस्थ दिनचर्या के प्रति जागरुक किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास करने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने, प्रतिदिन शारीरिक गतिविधियों के लिए समय निकालने तथा अनुशासित जीवनशैली विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला हैं। फिट इंडिया जैसे जागरुकता अभियान युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार बनाते हुए विकसित भारत @2047 के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. मोनिका ने किया। निर्णायक मंडल में डॉ. पिंकी भट्ट और डॉ. नमिता सामंत के साथ अन्य प्राध्यापक शामिल रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा व्यक्तिगत स्वास्थ्य को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में डॉ. आदेश कुमार, डॉ. इंदु शेखर ममगई, डॉ. विनोद कुमार, डॉ. रेखा पांडे, डॉ. संजय कुमार, डॉ. सुरेंद्र पड़ियार, डॉ. धीरज गहतोड़ी, डॉ. प्रवीण कुमार पाण्डेय, डॉ. नवीन मेहरा, डॉ. रेखा देव, डॉ. धीरज बिनवाल, विनोद मेहरा, अंशुया राणा, जनार सिंह और जीतू राज सहित महाविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल






