बाल दिवस पर बाल अधिकारों और संरक्षण पर विचार गोष्ठी, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। बाल दिवस के अवसर पर आखर पुस्तकालय, शिल्पकार भवन, भिकियासैंण में बुरांश सपोर्टिंग हैंड फाउंडेशन की ओर से बाल अधिकार एवं संरक्षण विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। विचार गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य सामाजिक सुरक्षा एवं वैज्ञानिक चेतना के आधार पर बच्चों को जागरुक करना था।

गोष्ठी में वक्ताओं ने बाल दिवस एवं बाल अधिकारों के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरु की जयंती पर आयोजित बाल दिवस के अवसर पर वक्ताओं ने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों के बारे में विस्तार से बताया।

कार्यक्रम में पंडित जवाहरलाल नेहरु द्वारा इंदिरा गांधी को लिखे गए पत्रों का वाचन किया गया। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम में जवाहरलाल नेहरु की भूमिका और उनकी जेल यात्राओं पर भी चर्चा की गई। आधुनिक भारत की नींव रखने वाले पंडित नेहरु के कृषि, शिक्षा, साहित्य, विज्ञान एवं तकनीकी के क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद करते हुए उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने उनके विचारों और कार्यों को याद किया।

इस अवसर पर बच्चों के बौद्धिक एवं रचनात्मक विकास के उद्देश्य से निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। बच्चों ने अपनी समझ और कौशल के माध्यम से प्रतियोगिताओं के विभिन्न आयामों को रेखांकित किया। अंत में बुरांश संस्था की ओर से सभी प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में हेमन्त कुमार, कैलाश चंद्र, पवन कुमार, जोगेन्द्र कुमार, अशोक राणा, सुनीता देवी, वीना देवी, मीनू आर्या, रेनु आर्य सहित क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *