मुखानी गैंगरेप प्रकरण: पुलिस-प्रशासन का बड़ा एक्शन, अपराध में प्रयुक्त त्रिशूल होमस्टे सील।
नाबालिग को बिना आईडी सत्यापन के दिया गया था कमरा, POCSO अपराध में इस्तेमाल हुआ था होमस्टे परिसर; एक दिन पहले चार आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार।
हल्द्वानी (नैनीताल)। मुखानी क्षेत्र में नाबालिग के साथ गैंगरेप के गंभीर मामले में पुलिस एवं जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए अपराध में प्रयुक्त त्रिशूल होमस्टे को सील कर दिया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक दिन पूर्व ही मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। वहीं, आज पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने होमस्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर को सील कर दिया।
जाँच में सामने आया कि नाबालिग को बिना पहचान पत्र (ID) का सत्यापन किए ही होमस्टे में कमरा उपलब्ध कराया गया था। साथ ही, होमस्टे परिसर का इस्तेमाल पॉक्सो (POCSO) अधिनियम से जुड़े गंभीर अपराध को अंजाम देने में किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने त्रिशूल होमस्टे के संपूर्ण परिसर को सील कर दिया। इसके अतिरिक्त होमस्टे के संचालन और अन्य अनियमितताओं के संबंध में भी अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की सख्ती के बाद मामले में लगातार कार्रवाई जारी है। पहले चार आरोपियों की गिरफ्तारी और अब अपराध में प्रयुक्त ठिकाने को सील किए जाने से पुलिस-प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला प्रशासन एवं नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बाल अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। अपराधियों के साथ-साथ ऐसे अपराधों के लिए ठिकाना या अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने वालों के विरुद्ध भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल











