वन्यजीवों के बढ़ते हमलों पर सख्त हुए कैबिनेट मंत्री कैड़ा, अधिकारियों को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश।

भीमताल (नैनीताल)। विकास कार्यों को गति देने और वन्यजीवों के बढ़ते खतरे से ग्रामीणों को राहत दिलाने के लिए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। विकास भवन सभागार भीमताल में लोक निर्माण विभाग एवं वन विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने स्पष्ट किया कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से जुड़े सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

क्षेत्र में लगातार बढ़ रही वन्यजीवों की गतिविधियों पर चिंता जताते हुए उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को मानव एवं पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों के हमलों से होने वाली जनहानि और पशुहानि को रोकने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर प्रभावी सुरक्षा उपाय किए जाएं।

लंबित सड़कों और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश:
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में सड़कों एवं अन्य निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को प्राथमिकता से दूर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और लापरवाही करने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता क्षेत्र का समग्र विकास और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *