एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. और एसपी डॉ. जगदीश चंद्र को दी गई भावभीनी विदाई, पुलिस कर्मियों ने साझा किए अनुभव।
हल्द्वानी (नैनीताल)। स्थानांतरण के बाद 31वीं वाहिनी पीएसी में तैनात होने जा रहे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. तथा पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के पद पर स्थानांतरित एसपी डॉ. जगदीश चंद्र को हल्द्वानी में आयोजित विदाई समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। समारोह में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों के कार्यकाल, कार्यशैली और योगदान को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विदाई समारोह के दौरान एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की फर्म डिसीजन मेकिंग, प्रभावी पुलिस प्रबंधन एवं मानवीय संवेदनाओं की सराहना की गई। वहीं, बागेश्वर स्थानांतरित हो रहे एसपी डॉ. जगदीश चंद्र, जो नैनीताल में एसपी क्राइम/ट्रैफिक के पद पर कार्यरत रहे, के सरल स्वभाव, प्रभावी पुलिसिंग और कुशल यातायात प्रबंधन की भी मुक्तकंठ से प्रशंसा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने अपने अनुभव साझा किए और पुलिस परिवार की एकजुटता तथा कठिन परिस्थितियों में टीम भावना के महत्व को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि एक एसएसपी के लिए सबसे कठिन क्षण कानून-व्यवस्था या किसी गंभीर अपराध की चुनौती नहीं, बल्कि अपने फोर्स के किसी सदस्य को खोने का संकट होता है। उन्होंने ड्यूटी के दौरान गंभीर सड़क हादसे में घायल हुए कांस्टेबल पुष्कर रौतेला के उपचार और तीन दिनों तक आईसीयू में चले संघर्ष का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पुलिस लाइन एवं हल्द्वानी क्षेत्र के थाना-चौकी प्रभारियों सहित सभी पुलिस कर्मियों ने जिस तत्परता, रक्तदान और समर्पण के साथ रात-दिन जुटकर सहयोग किया, उसी सामूहिक प्रयास और मजबूत जीवन ऊर्जा के बल पर आज वह स्वस्थ और सुरक्षित हैं।

उन्होंने कहा कि जनपद नैनीताल में एसएसपी के रुप में सौंपी गई जिम्मेदारियों को पूरा करने में सभी ने मिलकर काम किया, जिसके परिणामस्वरुप प्रत्येक असाइनमेंट को सफलतापूर्वक पूरा किया गया। जीवन में बहते पानी की तरह अलग-अलग दायित्वों में कार्य करना ही सफलता प्रदान करता है।
वहीं, एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने अपने संबोधन में लंबे सेवाकाल के अनुभवों, विभिन्न अधिकारियों एवं अधीनस्थ कर्मचारियों से मिली सीख तथा एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की कार्यशैली की विशेष रुप से सराहना की। उन्होंने कहा कि काम पुलिस कर लेती है, लेकिन सौहार्दपूर्ण ढंग से समझाकर और सही ब्रीफिंग के साथ किया गया कार्य बेहतर परिणाम देता है। इसमें अंततः आपसी संबंध सबसे अधिक काम आते हैं।
उन्होंने कहा कि बड़े आयोजनों, कानून-व्यवस्था और संवेदनशील ड्यूटियों के दौरान एसएसपी नैनीताल ने कभी अनावश्यक दबाव नहीं बनाया, बल्कि स्पष्ट दिशा-निर्देश देकर अधीनस्थों को कार्य करने की स्वतंत्रता एवं विश्वास दिया। इससे टीम का मनोबल और प्रदर्शन दोनों बेहतर रहे।
इस अवसर पर जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल











