रामनगर-भतरौंजखान मोटर मार्ग पर 200 मीटर गहरी खाई में गिरा डंपर, चालक की दर्दनाक मौत।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। थाना भतरौंजखान क्षेत्रांतर्गत रामनगर-भतरौंजखान मोटर मार्ग पर टोटा के पास चरीधार के समीप सामान से लदा एक डंपर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में चालक की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे डंपर संख्या UK11CA2788 रामनगर से चमोली गढ़वाल की ओर हार्डवेयर सामग्री लेकर जा रहा था। इसी दौरान चरीधार के समीप डंपर अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना भतरौंजखान पुलिस टीम, एसडीआरएफ टीम भिकियासैंण एवं फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रुप से रेस्क्यू अभियान चलाया। रातभर कड़ी मशक्कत के बाद चालक का शव गहरी खाई से बरामद किया गया।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय हीरा सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी नंदप्रयाग घाट, जनपद चमोली के रुप में हुई है। एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू उपकरणों की मदद से चालक के शव को खाई से बाहर निकालकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल











