रानीखेत में हत्या की सनसनीखेज वारदात का अल्मोड़ा पुलिस ने घंटों में किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार।
हथौड़े और चाकू से युवक की हत्या, बीच-बचाव में आई दो महिलाओं पर भी जानलेवा हमला; दो माह पुरानी रंजिश बनी वारदात की वजह।
रानीखेत (अल्मोड़ा)। रानीखेत तहसील क्षेत्र में हुई जघन्य हत्या की वारदात का अल्मोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथौड़ा (लोहे का घन) और चाकू भी बरामद कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि लगभग दो माह पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
घटना 10 जुलाई 2026 की है। चौकी मजखाली, कोतवाली रानीखेत को सूचना मिली कि ऐना गाँव में एक व्यक्ति की हत्या हो गई है तथा दो महिलाएं गंभीर रुप से घायल हैं। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीखेत एवं आस-पास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल को सुरक्षित कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरु की गई।
घटना की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चन्द्रशेखर घोड़के स्वयं, अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह तथा क्षेत्राधिकारी रानीखेत भावना कैंथोला घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। घटना के प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक जाँच सुनिश्चित करने के लिए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए गए।
शनिवार को मृतक के फुफेरे भाई नीरज बोरा पुत्र वीरेन्द्र सिंह बोरा, निवासी ग्राम ऐना ने कोतवाली रानीखेत में तहरीर देकर बताया कि 10 जुलाई 2026 की रात्रि में जगत सिंह बोरा ने उसके मामा के बेटे सागर सिंह के गले पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। साथ ही मृतक की माता जानकी देवी तथा दादी शोभा देवी पर जान से मारने की नीयत से हथौड़े एवं धारदार हथियार से सिर और शरीर पर प्राणघातक हमला किया। दोनों घायल महिलाओं का उपचार चल रहा है।
प्राप्त तहरीर के आधार पर कोतवाली रानीखेत में एफआईआर संख्या-18/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 एवं 109 में मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चन्द्रशेखर घोड़के के निर्देशन में घटना के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। प्रभारी निरीक्षक भुवन चन्द्र जोशी के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी जगत सिंह बोरा को एफआईआर दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर तलाश, सुरागरसी एवं पतारसी कर कोतवाली रानीखेत क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
अभियुक्त जगत सिंह बोरा की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का घन (हथौड़ा) तथा चाकू बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि लगभग दो माह पूर्व एक शादी समारोह के दौरान उसके दोस्त और मृतक व उसके भाई के बीच कहासुनी एवं विवाद हुआ था। उसी घटना से उत्पन्न आपसी रंजिश के चलते उसने हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया।
गिरफ्तार अभियुक्त:
जगत सिंह बोरा पुत्र पान सिंह बोरा, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम ऐना, रानीखेत, जनपद अल्मोड़ा
बरामदगी में:
● घटना में प्रयुक्त लोहे का घन (हथौड़ा)
● चाकू
पुलिस टीम में:
● प्रभारी निरीक्षक भुवन चन्द्र जोशी
● कांस्टेबल कमल गोस्वामी
● कांस्टेबल वरुण राज टम्टा
● होमगार्ड आनन्द सिंह शामिल रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल






