मांगों का निराकरण नहीं होने से नाराज़ आशा वर्कर्स का फूटा गुस्सा, किया धरना प्रदर्शन।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। दूरस्थ विकासखंड सल्ट की आशा वर्कर्स संगठन ने नियमितीकरण करने, मासिक मानदेय ₹11,500/- निर्धारित करने, न्यूनतम वेतन तथा राज्य कर्मचारी का दर्जा देने, सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन व्यवस्था लागू करने, लंबित भुगतानों का नियमित भुगतान, अस्पतालों में सम्मानजनक व्यवहार, विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर शशिखाल बाजार से खुमाड़ सल्ट तहसील परिसर तक सरकारी विरोधी नारों के साथ जुलूस निकाला।
आशा वर्कर्स ने तहसील कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन कर सभा की। साथ ही प्रशासन के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र उनकी मांगों का निराकरण नहीं हुआ तो आंदोलन शुरु कर दिया जाएगा।
धरना स्थल पर पहुंचकर सल्ट ब्लॉक प्रमुख कंचन रावत तथा पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष, राजकीय पीजी कॉलेज रामनगर एवं कांग्रेस नेता अमित पाल रावत ने भी अपना पूर्ण समर्थन दिया।
इस मौके पर दीपा, हीरा देवी, आशा, कान्ति देवी, शोभा देवी, कविता, देवकी, हेमा बोरा, जसुली देवी, सुनीता, शीला, शांति देवी सहित सीएचसी देवायल के अंतर्गत कार्यरत विभिन्न गाँवों की आशा वर्कर्स मौजूद रहीं।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल






