उत्तराखंड मूल के वरिष्ठ IPS अधिकारी एवं असम के पूर्व DGP बी.डी. खर्कवाल का निधन।
DGP उत्तराखंड दीपम सेठ ने जताया गहरा दुःख, पुलिस एवं प्रशासनिक जगत के लिए बताया अपूरणीय क्षति; SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने हल्द्वानी स्थित आवास पर अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि।
हल्द्वानी (नैनीताल)। उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, IPS ने असम-मेघालय कैडर के वर्ष 1959 बैच के वरिष्ठ IPS अधिकारी एवं असम के पूर्व DGP बी.डी. खर्कवाल के 17 सितंबर 2026 की प्रातः बीमारी के चलते 90 वर्ष की आयु में निधन पर गहरा दुःख एवं शोक व्यक्त किया है। उन्होंने स्वर्गीय बी.डी. खर्कवाल के निधन को पुलिस एवं प्रशासनिक जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति बताते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
उनके परिवार में पत्नी नीलिमा खर्कवाल, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। उनके पुत्र अमिताभ खर्कवाल भारतीय डाक सेवा में महानिदेशक (DG, Postal Department) के पद से वर्ष 2024 में सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
स्वर्गीय बी.डी. खर्कवाल मूल रुप से उत्तराखंड के निवासी थे। सेवानिवृत्ति के उपरांत वह अपने परिवार के साथ F-14, जज फार्म, धान मिल, हल्द्वानी में निवास कर रहे थे। उनका कुमाऊं क्षेत्र एवं हल्द्वानी से लंबे समय से गहरा पारिवारिक एवं प्रशासनिक जुड़ाव रहा।
SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की उपस्थिति में नैनीताल पुलिस ने दी अंतिम सलामी:
SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी., गंगा सिंह उदावत, कमांडेंट SSB 57वीं वाहिनी सितारगंज तथा अजय प्रताप सिंह, Deputy Commandant (CRPF), हल्द्वानी की उपस्थिति में नैनीताल पुलिस ने दिवंगत पूर्व DGP बी.डी. खर्कवाल को अंतिम सलामी दी।
दिवंगत पूर्व DGP के आवास पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की उपस्थिति में नैनीताल पुलिस, SSB एवं CRPF द्वारा उन्हें ससम्मान भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
SSP नैनीताल ने दिवंगत अधिकारी के पुलिस सेवा में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान को स्मरण करते हुए शोक व्यक्त किया तथा शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
तदोपरांत उनके पार्थिव शरीर को रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट ले जाया गया, जहां परिजनों एवं गणमान्यजनों की उपस्थिति में सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
पूर्वोत्तर भारत के चुनौतीपूर्ण दौर में निभाई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी:
स्वर्गीय बी.डी. खर्कवाल ने अपने दीर्घ एवं गौरवपूर्ण पुलिस सेवाकाल में पूर्वोत्तर भारत के चुनौतीपूर्ण दौर में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। असम में उग्रवाद के दौर में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्वों में उनकी भूमिका रही।
नवंबर 1990 में असम में ULFA उग्रवादियों के विरुद्ध Operation Bajrang शुरु किए जाने के दौरान वह गुवाहाटी में केंद्रीय खुफिया अधिकारियों के साथ अभियान से जुड़े प्रमुख अधिकारियों में शामिल रहे।
वर्ष 1993-94 में उन्होंने असम के पुलिस महानिदेशक (DGP) के रुप में सेवाएं दीं। पुलिस सेवा में उनके लंबे अनुभव, समर्पण एवं प्रशासनिक योगदान के लिए उन्हें असम-मेघालय पुलिस बल में सम्मान के साथ हमेशा स्मरण किया जाता है। उन्होंने अपने सेवाकाल में अनेक भावी पुलिस अधिकारियों का मार्गदर्शन भी किया।
असम में महत्वपूर्ण पुलिस सेवाएं देने के बाद बी.डी. खर्कवाल का उत्तराखंड से भी गहरा प्रशासनिक जुड़ाव रहा। उन्होंने SSB रानीखेत तथा Intelligence Bureau (IB), नैनीताल में भी सेवाएं दीं।
नैनीताल पुलिस ने व्यक्त की संवेदना:
नैनीताल पुलिस दिवंगत पूर्व DGP बी.डी. खर्कवाल को विनम्र एवं भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करती है तथा शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
इस अवसर पर एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, अपर पुलिस अधीक्षक अमित सैनी, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर चौहान, पीआरओ हेमा ऐठानी तथा ASI हरि सिंह, SSB ट्रांजिट कैंप हल्द्वानी सहित नैनीताल पुलिस के अधिकारी एवं पुलिस बल उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल






