नैनीताल में 5 दिन से लापता युवक का शव खाई में मिला, हत्या की आशंका; तीन साथी हिरासत में।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। पुलिस ने सरोवरनगरी नैनीताल के तल्लीताल क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में 05 दिन से लापता 31 वर्षीय युवक दीपक उपाध्याय का शव बरामद किया है। पाँच दिनों के सघन खोज अभियान के बाद युवक का शव नगर के निकटवर्ती भवाली रोड स्थित ‘टूटा पहाड़’ की खाई में मिला।

तल्लीताल पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक मूल रुप से जिला अल्मोड़ा के तहसील रानीखेत के दूभड़ा तोक सैनरी गाँव का निवासी था। दीपक उपाध्याय हल्द्वानी मार्ग स्थित भुजियाघाट के एक होटल में कार्यरत था। वह 22 अप्रैल की रात अपने तीन साथियों के साथ नैनीताल घूमने आया था। रात करीब 09 बजे वह तल्लीताल रोडवेज स्टेशन के पास से रहस्यमय ढंग से लापता हो गया था। उसके भाई बाला दत्त उपाध्याय की शिकायत पर 23 अप्रैल को पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरु की थी।

आज सोमवार को दीपक का शव टूटा पहाड़ की ओर ढलान वाली गहरी खाई में बरामद किया गया। शव के पास से मोबाइल फोन और एक जोड़ी जूते भी मिले हैं। शव की स्थिति गंभीर थी और चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त पाया गया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया।

शव मिलने के बाद मृतक के परिजनों ने उसके साथ आए तीनों साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि दीपक का अचानक गायब होना और फिर खाई में शव मिलना किसी दुर्घटना का परिणाम नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश है। उनका आरोप है कि किसी विवाद के बाद साथियों ने दीपक को खाई में धकेल दिया।

बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन सभी ने पार्टी की थी और शराब का सेवन भी किया था। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर तीनों साथियों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। थानाध्यक्ष मनोज नयाल ने बताया कि मामले की हर पहलू से जाँच की जा रही है।

इस दर्दनाक घटना से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *