मुखानी में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला: चार आरोपी छह घंटे के भीतर गिरफ्तार।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी बताए जा रहे शहर के चर्चित ITI गैंग के सदस्य।

हल्द्वानी (नैनीताल)। जनपद नैनीताल के मुखानी क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कड़ा रुख अपनाया है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त चार आरोपियों को मात्र छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चारों आरोपी शहर के चर्चित ITI गैंग के सदस्य बताए जा रहे हैं।

घटना का विवरण:
पुलिस के अनुसार, देर रात पीड़ित नाबालिग बच्ची के परिजनों ने कोतवाली मुखानी में तहरीर दी कि उनकी बच्ची को चार लड़के डरा-धमकाकर और बहला-फुसलाकर एक होटल में ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया।

इस गंभीर घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए एसएसपी नैनीताल ने कोतवाली मुखानी में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया तथा अधीनस्थ अधिकारियों को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए।

एसएसपी के निर्देशों के क्रम में प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त चारों आरोपियों को मात्र छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम निम्न हैं —
1- धीरज बिष्ट
2- नितिन पाल
3- अंश खत्री
4- हिमांशु गोनी

उक्त मामले में एसएसपी नैनीताल ने स्वयं पुलिस कार्रवाई की निगरानी की और घटना के कुछ ही घंटों के भीतर सभी नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी नैनीताल का सख्त संदेश — बाल अपराधों पर जीरो टॉलरेंस:
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नाबालिग बच्चों और बच्चियों के साथ दरिंदगी या अपराध करने वाले असामाजिक तत्वों को बिल्कुल बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए अत्यंत सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि जनपद में महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले इस प्रकार के अपराधों पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *