अंतिम संस्कार के बाद पूर्व सरपंच रमेश चंद्र व मदन राम ने त्रिवेणी घाट पर चलाया सफाई अभियान।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। नगर पंचायत भिकियासैंण के धूरा निवासी तुलाराम का शुक्रवार को अचानक निधन हो गया। शुक्रवार को भिकियासैंण स्थित त्रिवेणी घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि उनके बड़े पुत्र बालम चंद्र ने दी। इस दौरान परिवार के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में रिश्तेदार मौजूद रहे।
अंतिम संस्कार के बाद त्रिवेणी घाट के आस-पास फैली गंदगी को देखते हुए गंगोड़ा के नैनीसेरा निवासी पूर्व सरपंच रमेश चंद्र और मदन राम ने मिलकर सफाई अभियान चलाया। उन्होंने घाट परिसर में बिखरे मुंडन के बाल, प्लास्टिक की बोतलें, कपड़े और अन्य कचरे को एकत्रित कर सफाई की।
इस दौरान पूर्व सरपंच रमेश चंद्र ने आमजन से हाथ जोड़कर अपील की कि त्रिवेणी घाट हमारी अंतिम यात्रा से जुड़ा एक पवित्र स्थल है। यहां अंतिम संस्कार के लिए आने वाले सभी लोग अपनी जिम्मेदारी समझें और जाने से पहले अपने आस-पास की सफाई अवश्य करें। उन्होंने कहा कि कई लोग अंतिम संस्कार के बाद मुंडन के बाल, पानी की बोतलें, कपड़े और अन्य कचरा वहीं छोड़कर चले जाते हैं, जिससे घाट पर गंदगी फैलती है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि कचरे को इधर-उधर बिखेरने के बजाय एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण करें तथा घाट की स्वच्छता बनाए रखने में अपना सहयोग दें, ताकि यहां आने वाले अन्य लोगों को भी स्वच्छ वातावरण मिल सके।
उन्होंने कहा कि अंतिम यात्रा में शामिल होने के साथ-साथ घाट की स्वच्छता बनाए रखना भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










