रामलीला के मंच से साइबर सुरक्षा का संदेश, SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की पहल पर जन-जन तक पहुंच रही जागरुकता।

नैनीताल पुलिस चला रही साइबर जागरुकता अभियान 2.0, हल्द्वानी में सेल्फी प्वाइंट, जागरुकता वीडियो और स्थानीय टीवी चैनलों के माध्यम से भी हो रहा व्यापक प्रचार-प्रसार।

हल्द्वानी (नैनीताल)। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित साइबर जागरुकता अभियान 2.0 के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की प्रभावी पहल पर नैनीताल पुलिस जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आयोजित रामलीला कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरुक कर रही है।

रामलीला जैसे जनसहभागिता वाले आयोजनों को जनजागरुकता का माध्यम बनाते हुए पुलिस लोगों को साइबर ठगी के नए-नए तरीकों की जानकारी देने के साथ ही उनसे बचाव के उपाय भी बता रही है।

हल्द्वानी रामलीला मैदान में चलाया जागरुकता अभियान:
इसी क्रम में हल्द्वानी के रामलीला मैदान में साइबर जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीओ ऑप्स समीरण भट्ट के नेतृत्व में साइबर सेल प्रभारी मीनू गौतम और उनकी टीम ने रामलीला मैदान में विभिन्न जागरुकता गतिविधियों तथा जागरुकता सेल्फी प्वाइंट के माध्यम से आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरुक किया।

वीडियो और स्थानीय टीवी चैनलों के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार:
भोटियापड़ाव चौकी प्रभारी कृपाल सिंह द्वारा वीडियो और स्थानीय टीवी चैनलों के माध्यम से भी साइबर सुरक्षा संबंधी संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। छोटी-छोटी जागरुकता वीडियो क्लिप के प्रदर्शन तथा विभिन्न जनसहभागिता गतिविधियों के जरिए लोगों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया गया।

इसके अतिरिक्त अन्य थाना-चौकियों द्वारा भी रामलीला आयोजनों में उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में जागरुक किया गया। इसके साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में भी लगातार जागरुकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड और यूपीआई धोखाधड़ी से बचाव की दी जानकारी:
जागरुकता कार्यक्रमों के दौरान आमजन को फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, संदिग्ध लिंक, यूपीआई धोखाधड़ी, फर्जी निवेश योजनाओं एवं सोशल मीडिया से जुड़े साइबर अपराधों के प्रति सचेत किया जा रहा है। पुलिस द्वारा लोगों से अपील की जा रही है कि वे अपनी बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।

साथ ही, साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा आधिकारिक पोर्टल https://www.cybercrime.gov.in का उपयोग करने की जानकारी भी दी जा रही है।

नैनीताल पुलिस की अपील:
नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्कता और जागरुकता बेहद जरुरी है। किसी भी अनजान कॉल, संदेश या लिंक पर भरोसा न करें, अपना ओटीपी एवं बैंकिंग विवरण किसी के साथ साझा न करें तथा साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए शिकायत दर्ज कराएं।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *