भिकियासैंण बीडीसी उपचुनाव में भाजपा समर्थित चंद्र सिंह खत्री की जीत।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विकासखंड भिकियासैंण के अंतर्गत पाली-थौली क्षेत्र पंचायत सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार चंद्र सिंह खत्री ने 60 मतों से जीत दर्ज की। जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक गेट से बाजार तक ढोल-नगाड़ों और पटाखों के साथ जुलूस निकालकर खुशी मनाई। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल के समर्थन में जमकर नारे लगाए गए।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख और इस क्षेत्र से विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल के अनुज बीडीसी सदस्य सतीश नैनवाल के निधन के कारण यह सीट खाली हुई थी। इस सीट पर 12 अक्टूबर 2026 को उपचुनाव हुआ, जिसमें कुल छह प्रत्याशी मैदान में थे। क्षेत्र पंचायत सीट पर कुल 1,736 मत थे, जिनमें से 551 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार लगभग 32 प्रतिशत मतदान हुआ था।
बुधवार को हुई मतगणना में चंद्र सिंह खत्री ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी गंगा देवी को 60 मतों से पराजित किया। प्रत्याशियों को मिले मतों का विवरण इस प्रकार रहा:
■ चंद्र सिंह खत्री — 211 मत
■ गंगा देवी — 151 मत
■ ललित मोहन — 90 मत
■ जयप्रकाश — 41 मत
■ नंदन सिंह रावत — 31 मत
■ लक्ष्मण सिंह — 24 मत
मतगणना ब्लॉक सभागार में शांतिपूर्वक संपन्न हुई। मतगणना के बाद निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम भिकियासैंण याक्षी अरोड़ा ने चंद्र सिंह खत्री को बीडीसी सदस्य निर्वाचित घोषित करते हुए जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद ब्लॉक गेट के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित बीडीसी सदस्य चंद्र सिंह खत्री का गाजे-बाजे और पुष्पमालाओं से स्वागत कर उन्हें बधाई दी। मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
मतगणना के मौके पर निर्वाचन अधिकारी याक्षी अरोड़ा, सहायक निर्वाचन अधिकारी (एआरओ) कैलाश नैलवाल, बीडीओ जीएस नेगी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इसके बाद बाजार में निकाले गए जुलूस में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ढोल-बाजे बजाकर तथा पटाखे फोड़कर खुशी मनाई।
इस दौरान नवनिर्वाचित बीडीसी सदस्य चंद्र सिंह खत्री ने अपनी जीत को सच्चाई की जीत बताते हुए कहा कि यह जीत सभी की है।
वहीं, विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने निर्वाचित सदस्य चंद्र सिंह खत्री को ढेरों बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल






