19 अगस्त की शहादत की याद में देघाट में धूमधाम से मनाया गया शहीद दिवस।
स्याल्दे/भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विकासखंड स्याल्दे के देघाट में शहीद हरिकृष्ण उप्रेती एवं हीरामणि बड़ौला की प्रतिमाओं पर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा। क्षेत्र के कई राजनीतिक एवं गैर-राजनीतिक संगठनों के साथ जिले के कई अधिकारी भी देघाट पहुंचे और शहीद हीरामणि बड़ौला एवं हरिकृष्ण उप्रेती को श्रद्धांजलि अर्पित की।
शहीदों के गाँवों में भी उमड़ा श्रद्धांजलि देने वालों का सैलाब:
वहीं देघाट के खल्डुवा व भेलीपार स्थित शहीदों के गाँवों में भी सुबह से श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा। क्षेत्रीय विधायक सल्ट महेश जीना ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पहुंचकर शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और चौकोट के वीरों की शहादत को याद किया।
श्रद्धांजलि देने वालों में भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट, दर्जा मंत्री गोविन्द पिल्खवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, सीडीओ रामजी शरण शर्मा, जिला पंचायत सदस्य थलीसैण, चमोली गढ़वाल अंजली जोशी भी पहुंचीं। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष पूरन रजवार ने किया।
इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख मथुरा दत्त डुगरियाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुरेन्द्र नेगी, कुन्दन लाल, बाला दत्त शर्मा, सुरेन्द्र गोयल, जगदीश उप्रेती, हरी राम आर्या, ज्येष्ठ प्रमुख संगीता ढौडीयाल, कनिष्ठ प्रमुख दुर्गा देवी आदि उपस्थित रहे।

बहुउद्देशीय शिविर में करीब 30 विभागों के लगाए गए स्टॉल:
शहीद दिवस कार्यक्रम के दौरान बहुउद्देशीय शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, कृषि विभाग, बाल विकास विभाग, एनआरएलएम रीफ से महिला समूह, जल संस्थान विभाग, ऊर्जा विभाग सहित लगभग 30 विभागों के स्टॉल लगाए गए।
इन स्टॉलों के माध्यम से आमजन को विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई तथा संबंधित विभागों द्वारा लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के संबंध में जानकारी दी गई।
लोक संस्कृति और देशभक्ति कार्यक्रमों ने बांधा समां:
शहीद दिवस कार्यक्रम के मौके पर लोक संस्कृति गायन एवं शहीदों के प्रति देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। सांस्कृतिक सामाजिक संस्था की ओर से गिरीश सनवाल ने पहाड़ी प्रस्तुति दी। वहीं बन्दना सनवाल एवं अंजली उपाध्याय ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण फौजी ललित मोहन जोशी रहे, जिन्होंने अपने गीतों के माध्यम से लोगों के बीच लोकप्रियता हासिल की और कार्यक्रम में देशभक्ति एवं लोक संस्कृति का रंग भर दिया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी शहीदों को दी श्रद्धांजलि:
वहीं देघाट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी। शहीदों के गाँव खल्डुवा व भेलीगाँव में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें याद किया। उन्होंने शहीदों की शहादत को पूरे देश के लिए गर्व की बात बताया।
इस मौके पर कांग्रेस नेत्री गंगा पंचोली, दीपक भट्ट, भूपाल सिंह रावत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सल्ट नारायण सिंह रावत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सल्ट अर्जुन सिंह रावत, कमल रावत क्षेत्र पंचायत सदस्य, भूपाल मनराल, संतोष मनराल क्षेत्र पंचायत सदस्य, जितेन्द्र रजवार, चन्दन पंचोली आदि उपस्थित रहे।
यूकेडी कार्यकर्ताओं ने भी अर्पित किए श्रद्धासुमन:
वहीं इस दौरान यूकेडी कार्यकर्ताओं ने भी देघाट शहीद स्मारक एवं खल्डुआ में स्वतंत्रता के बलिदानी नायकों को श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
यूकेडी की ओर से प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य पान सिंह रावत, भुवन सिंह कठायत, प्रताप सिंह बसनाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रयाग शर्मा, राकेश बिष्ट, ललित बिष्ट आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल













