राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में देवभूमि उद्यमिता अभिविन्यास कार्यक्रम, छात्रों को स्टार्टअप के लिए किया प्रेरित।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय में देवभूमि उद्यमिता अभिविन्यास कार्यक्रम 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में उद्यमिता की भावना विकसित करना तथा उन्हें स्वरोजगार एवं स्टार्टअप के अवसरों के प्रति जागरुक करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता एवं विशेषज्ञ के रुप में महेंद्र सिंह रौतेला, परियोजना अधिकारी देवभूमि उद्यमिता योजना, अल्मोड़ा उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देवभूमि उद्यमिता योजना उत्तराखंड सरकार के उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य युवाओं को अपने व्यावसायिक विचारों को सफल व्यवसाय में बदलने के लिए मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण प्रदान करना है।

उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि किस प्रकार वे अपने नवाचारपूर्ण विचारों को स्टार्टअप के रुप में विकसित कर सकते हैं तथा आत्मनिर्भर बन सकते हैं। योजना के अंतर्गत युवाओं को प्रशिक्षण, मेंटरशिप, बूट कैंप, बिज़नेस प्लान मार्गदर्शन तथा स्टार्टअप सहायता जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

कार्यक्रम के संयोजक डॉ. राजीव कुमार रहे, जबकि संचालन डॉ. सुभाष चंद्र आर्या ने किया। महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. गौरव कुमार ने मुख्य वक्ता महेंद्र सिंह रौतेला का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं।

कार्यक्रम अत्यंत इंटरैक्टिव एवं प्रेरणादायक रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने-अपने व्यावसायिक विचार विशेषज्ञ के साथ साझा किए। छात्र सुमित बिष्ट ने मशरुम पालन के क्षेत्र में कार्य करने की इच्छा व्यक्त की। वहीं छात्रा दीपा ने ऐपण कला से संबंधित स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त की। छात्रा सिमरन ने कार्यक्रम को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वह इससे प्रेरित हुई हैं तथा भविष्य में इस पहल से जुड़कर आगे कार्य करना चाहती हैं।

इसके अतिरिक्त अनेक विद्यार्थियों ने भी उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने की सहमति जताई तथा अपने नवाचारपूर्ण आइडियाज विशेषज्ञ के साथ विस्तार से चर्चा की। मुख्य वक्ता ने विद्यार्थियों के विचारों की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस मौके पर डॉ. दिनेश कुमार, डॉ. परितोष उप्रेती, डॉ. इंदिरा तथा अजय पाण्डेय सहित अन्य सभी शिक्षक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *