महिला सुरक्षा पर नैनीताल पुलिस सख्त, वीडियो वायरल होते ही प्रधान पर एफआईआर दर्ज।
हल्द्वानी (नैनीताल)। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए नैनीताल पुलिस ने लालकुआं क्षेत्र में सामने आए मारपीट के मामले में त्वरित कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर ग्राम प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालकुआं क्षेत्र में एक महिला और बच्ची के साथ बेरहमी से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में ग्राम प्रधान रमेश जोशी महिला और बच्चियों को लात-घूंसों से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। मामला सामने आते ही एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल संज्ञान लिया।
महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रधान के खिलाफ सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। एसएसपी नैनीताल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए लालकुआं पुलिस को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
बताया गया कि पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच आरोपी प्रधान मामले को प्रभावित करने के उद्देश्य से एसएसपी कार्यालय में धरने पर बैठ गया, लेकिन पुलिस ने बिना किसी दबाव के कानूनी कार्रवाई जारी रखी।
पुलिस का सख्त संदेश:
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा या दुर्व्यवहार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून को हाथ में लेने वाले या महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न हो।
पुलिस ने आमजन, विशेषकर महिलाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में निडर होकर पुलिस से संपर्क करें।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










