लालकुआं में ग्राम प्रधान की दबंगई, महिला व बच्चों को लात-घूंसों से पीटा; तहरीर के बाद धरने पर बैठा आरोपी।
हल्द्वानी (नैनीताल)। लालकुआं क्षेत्र से एक रुह कंपा देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें ग्राम प्रधान रमेश जोशी की कथित दबंगई कैमरे में कैद हुई है। वीडियो में ग्राम प्रधान द्वारा एक महिला और छोटे बच्चों के साथ अभद्रता करते हुए लात-घूंसों से मारपीट करने का मामला सामने आया है।
घटना के बाद पीड़ित महिला ने ग्राम प्रधान के खिलाफ तहरीर दी है। मामले को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया है।
वहीं, हैरानी की बात यह है कि आरोपी प्रधान ने अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए दबाव बनाने की कोशिश शुरु कर दी। आरोपी पुलिस मुख्यालय पहुंचकर धरने पर बैठ गया, जिसे लोग “उल्टा चोर कोतवाल को डांटे” की तर्ज पर देख रहे हैं।
सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है और ग्राम प्रधान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार का दबाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










