जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नेगी ने मुख्यमंत्री के समक्ष उठाए विकास के अहम मुद्दे।

प्रदेश स्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक में सड़क, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र समाधान की उठाई मांग।

देहरादून/अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिला पंचायत के उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नेगी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित प्रदेश स्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक में प्रतिभाग करते हुए जनपद की प्रमुख विकास योजनाओं और जनहित से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। बैठक के दौरान उन्होंने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक मुद्दों पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया।

सुरेंद्र सिंह नेगी ने मुख्यमंत्री के समक्ष अल्मोड़ा जनपद में बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण, सड़क संपर्क में सुधार तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए इन मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर मजबूत किया जाना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने सुरेंद्र सिंह नेगी द्वारा उठाए गए सभी महत्वपूर्ण विषयों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक के बाद जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए सरकार के साथ निरंतर समन्वय बनाकर विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *