सेवा पखवाड़ा के तहत राजकीय इंटर कॉलेज पन्तस्थली में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित, 43 समस्याएं दर्ज, 442 आवेदनों पर हुई कार्रवाई।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। सेवा, सुशासन व समर्पण की भावना के साथ “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित सेवा पखवाड़ा के तहत विकासखंड भिकियासैंण के राजकीय इंटर कॉलेज पन्तस्थली परिसर में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने कहा कि राज्य सरकार बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से जन-जन के द्वार पहुंचकर लोगों को विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित गति से समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, इसलिए सभी अधिकारी शिविरों को पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ संचालित कर रहे हैं।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर पहुंचकर दर्जनों लोगों ने सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में 43 समस्याएं पंजीकृत की गईं तथा विभिन्न विभागों में 442 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण भी किया गया।
शिविर के दौरान आधार कार्ड, राशन कार्ड, विद्युत एवं पेयजल बिल, पेंशन सहित अन्य जनकल्याणकारी सेवाओं से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा एलोपैथिक एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर लगाकर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
शिविर में मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री हुकुम सिंह कुंवर, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण कैलाश नाथ तिवारी, उपजिलाधिकारी रिंकू बिष्ट, तहसीलदार बरखा जलाल, खंड विकास अधिकारी गोपाल सिंह नेगी, डॉ. ललित कुमार सिंह (आयुर्वेदिक), डॉ. शुभम सोल्याल, ब्लॉक प्रमुख दिगम्बर डंगवाल, कनिष्ठ प्रमुख किरन पांडे, एबीडीओ सतीश पांडेय सहित जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, भाजपा मंडल महामंत्री हरीश बौड़ाई, प्रधान गैरगाँव हेमा भंडारी, भूपाल भंडारी, मोहन सिंह खाती, बचें सिंह रावत तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










