औषधि निरीक्षक अल्मोड़ा पूजा जोशी ने कई मेडिकल स्टोरों का किया औचक निरीक्षण।
अल्मोड़ा। औषधि निरीक्षक अल्मोड़ा पूजा जोशी ने बताया कि आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में शनिवार को “स्प्यूरियस एवं अधोमानक दवाइयों की रोकथाम” के उद्देश्य से अल्मोड़ा क्षेत्र के विभिन्न मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण कर कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान सभी मेडिकल स्टोरों में लाइसेंस की उपलब्धता तथा पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति में औषधियों के क्रय-विक्रय को सुनिश्चित किया गया। साथ ही सभी मेडिकल स्टोरों में सीसीटीवी कैमरों एवं उनकी रिकॉर्डिंग की भी जाँच की गई।
इसके अतिरिक्त एक्सपायरी दवाओं के लिए उचित रखरखाव व्यवस्था, मनःप्रभावी औषधियों के क्रय-विक्रय से संबंधित बिलों तथा अभिलेखों का भी निरीक्षण किया गया। मेडिकल संचालकों को निर्देशित किया गया कि नारकोटिक औषधियां केवल चिकित्सक के वैध पर्चे पर ही दी जाएं।
औषधि निरीक्षक द्वारा 05 दवाओं के नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें जाँच हेतु विश्लेषणशाला भेजा जाएगा। औषधि निरीक्षक ने बताया कि जनपद में औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा उनके सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं, और इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
रिपोर्टर- रिया सोलीवाल















