फायर एवं पुलिस विभाग की तत्परता से टला बड़ा हादसा, केवीएम स्कूल में लगी आग पर समय रहते पाया गया काबू।

त्वरित कार्रवाई से बचीं आस-पास की संपत्तियां, केवीएम स्कूल अग्निकांड में नहीं हुई कोई जनहानि।

हल्द्वानी (नैनीताल)। दिनांक 23 जून 2026 को रात्रि 07:02 बजे फायर स्टेशन हल्द्वानी को डायल-112/सीसीआर के माध्यम से केवीएम स्कूल, हीरा नगर, हल्द्वानी में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई।

फायर ब्रिगेड की कार्रवाई:
सूचना प्राप्त होते ही फायर स्टेशन हल्द्वानी से एक फायर टेंडर एवं अग्निशमन दल को तत्काल रात्रि 07:03 बजे घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

घटनास्थल पर पहुंचकर आग की गंभीरता एवं तीव्रता का आकलन करने के उपरांत फायर स्टेशन हल्द्वानी से दो अतिरिक्त फायर टेंडरों को रात्रि 07:10 बजे मौके पर भेजा गया।

अग्निशमन कर्मियों द्वारा त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई करते हुए लगातार प्रयास किए गए तथा आग पर पूर्ण रुप से काबू पाकर उसे पूरी तरह बुझा दिया गया। समय रहते आग को आस-पास स्थित भवनों, अन्य बसों एवं निकटवर्ती संपत्तियों तक फैलने से रोक लिया गया।

घटना का विवरण:
मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि पार्किंग क्षेत्र में खड़ी दो बसें आग की चपेट में आ गई थी। इसके अतिरिक्त भूतल पर स्थापित एक जनरेटर सेट भी आग से प्रभावित हुआ।

आग लगने का संभावित कारण:
प्रथम दृष्टया प्रतीत हुआ कि आस-पास वेल्डिंग का कार्य किया जा रहा था, जिसके कारण आग लगने की संभावना है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जाँच के उपरांत ही की जा सकेगी।

प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण वेल्डिंग कार्य प्रतीत हो रहा है। विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फायर विभाग द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

घटना में किसी प्रकार की जनहानि अथवा किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *