राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण की टीम ने बासोट ग्राम पंचायत का किया भ्रमण।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण की उन्नत भारत अभियान के अंतर्गत गठित टीम के सदस्य डॉ. इंदिरा (संयोजक) एवं डॉ. राजीव कुमार (सलाहकार) ने बासोट ग्राम पंचायत का भ्रमण कर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से संवाद किया। इस दौरान गाँव के समग्र विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं सामाजिक सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
चर्चा में उपस्थित ग्राम प्रधान शिवानी भंडारी तथा प्रधान पति नंदन सिंह भंडारी ने गाँव की वर्तमान स्थिति एवं स्थानीय आवश्यकताओं से टीम को अवगत कराया। महाविद्यालय की टीम ने ग्रामीणों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा उनके समाधान के लिए संभावित पहलुओं पर विचार-विमर्श किया।
भ्रमण के दौरान विशेष रुप से युवाओं, महिलाओं एवं विद्यार्थियों के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग, स्वरोजगार के अवसरों के विस्तार तथा बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर भी जोर दिया गया।
उन्नत भारत अभियान की टीम ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों एवं आवश्यकताओं को संबंधित स्तर तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे। ग्रामीणों ने भी अभियान के प्रति उत्साह व्यक्त करते हुए भविष्य में सहयोग बनाए रखने का आश्वासन दिया।
यह भ्रमण ग्राम विकास एवं समुदाय की सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल




