सुनियाकोट-ओलिया मोटर मार्ग का हुआ शुभारंभ।

ग्रामीण बोले- दशकों पुराना सपना हुआ साकार।

सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कंडारकुआं मंडल के अंतर्गत सुनियाकोट-मटीला मोटर मार्ग से ओलिया गाँव तक प्रस्तावित 03 किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग निर्माण कार्य का वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों एवं महिलाओं ने निर्माण कार्य प्रारंभ होने पर खुशी व्यक्त की। ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से सड़क सुविधा के अभाव में उन्हें अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब इस मोटर मार्ग के निर्माण से आवागमन सुगम होगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान बनेगी।

ग्रामीणों ने कहा कि यह सड़क उनके लिए केवल एक मार्ग नहीं, बल्कि विकास की नई संभावनाओं का द्वार है। सड़क बनने से क्षेत्र के लोगों को दैनिक जीवन की समस्याओं से राहत मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि ओलिया गाँव के लिए मोटर मार्ग निर्माण ग्रामीणों का कई दशकों पुराना सपना था, जो आज साकार होने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के अंतिम छोर तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ₹77 लाख की लागत से बनने वाली यह सड़क स्थानीय मातृशक्ति और ग्रामीणों के जीवन को सरल बनाने के साथ-साथ क्षेत्र के विकास को भी नई गति प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधाओं से जोड़कर लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *