नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत में राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर में आयोजित हुआ छात्र अभिनंदन एवं शुभारंभ समारोह।
नए भवन में महाविद्यालय के संचालन से उच्च शिक्षा को मिलेगी नई गति, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने विद्यार्थियों को दी शुभकामनाएं।
हल्द्वानी (नैनीताल)। राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर, गौलापार में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागतार्थ “छात्र अभिनंदन एवं शुभारंभ समारोह” का भव्य आयोजन किया गया।
समारोह में नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें महाविद्यालयीन जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में शिक्षा, सांस्कृतिक चेतना और युवा सहभागिता का सुंदर समागम देखने को मिला।
कार्यक्रम के प्रारंभ में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवियों ने सम्मानित अतिथियों को गार्ड ऑफ ऑनर देकर उनका स्वागत किया। इसके उपरांत महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. कैलाश कलौनी, विधायक लालकुआं डॉ. मोहन सिंह बिष्ट एवं भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। महाविद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को मंगलमय बना दिया।
महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं प्राध्यापक डॉ. प्रकाश मठपाल द्वारा अतिथियों का बैज अलंकरण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। छात्राओं ने स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी। इसके बाद प्राचार्य प्रो. कैलाश कलौनी एवं छात्र-संघ अध्यक्ष कु. ललिता परगाई ने अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर एवं बैज अलंकरण कर सम्मानित किया।
प्राचार्य ने प्रस्तुत की महाविद्यालय की प्रगति एवं विकास आख्या:
समारोह में प्राचार्य प्रो. कैलाश कलौनी ने महाविद्यालय की प्रगति एवं विकास आख्या प्रस्तुत की। उन्होंने महाविद्यालय के नवीन भवन में स्थानांतरित होने के लिए विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट का आभार व्यक्त करते हुए आशा जताई कि नए भवन में महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्र की शैक्षिक आवश्यकताओं एवं विभिन्न समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।
कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग प्रदान करते हुए हीरा कुंवर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कुंवरपुर, गौलापार की छात्राओं ने मनमोहक लोक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
निवर्तमान छात्र-संघ अध्यक्ष कु. ललिता परगाई ने अपने संबोधन में उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय से संबंधित विभिन्न मांगों को अतिथियों के समक्ष रखते हुए उनके शीघ्र निराकरण की उम्मीद जताई।
महाविद्यालय के अपने भवन से विद्यार्थियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं:
समारोह के मुख्य अतिथि विधायक लालकुआं डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने अपने संबोधन में महाविद्यालय के लिए भूमि हस्तांतरण से संबंधित विगत वर्षों में किए गए प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने संबंधित आपत्तियों के शीघ्र निस्तारण की उम्मीद व्यक्त करते हुए कहा कि महाविद्यालय के अपने भवन में संचालित होने से छात्र संख्या में वृद्धि के साथ विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं एवं संसाधन उपलब्ध होंगे।
उन्होंने इससे क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार, शैक्षणिक प्रगति एवं समग्र विकास की संभावनाएं भी व्यक्त कीं तथा महाविद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं।
उपनिदेशक, उच्च शिक्षा डॉ. आर. एस. भाकुनी ने भूमि संबंधी प्रकरण के शीघ्र निस्तारण तथा महाविद्यालय के अपने भवन के निर्माण के लिए निदेशालय स्तर से हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए हीरा कुंवर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कुंवरपुर, गौलापार की छात्राओं ने सामूहिक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
दीपेंद्र कोश्यारी ने की विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना:
भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी ने अपने वक्तव्य में महाविद्यालय के नवीन भवन में स्थानांतरित होने पर समस्त महाविद्यालय परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं शैक्षणिक प्रगति की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने हीरा कुंवर सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रदर्शन के लिए पदक प्रदान कर सम्मानित किया।
महाविद्यालय की छात्रा पीहू कोटलिया ने एकल नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की। वहीं खुशी बोरा एवं प्रिंस ने मनमोहक गायन प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
जिला पंचायत सदस्य बिष्ट एवं अभाविप के जिला संगठन मंत्री कैलाश ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
महाविद्यालय की छात्रा गीतांजलि आर्या ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुति देकर कार्यक्रम की सांस्कृतिक गरिमा बढ़ाई।
समारोह के समापन अवसर पर एम.बी.पी.जी. महाविद्यालय हल्द्वानी के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्राध्यापक डॉ. भुवन मठपाल एवं अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. कैलाश कलौनी द्वारा की गई।
समारोह में मुख्य अतिथि विधायक लालकुआं डॉ. मोहन सिंह बिष्ट तथा अति विशिष्ट अतिथियों में उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद के अध्यक्ष हुकुम सिंह कुंवर, उपनिदेशक, उच्च शिक्षा डॉ. आर. एस. भाकुनी एवं भाजयुमो प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत सदस्य लीला बिष्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष पान सिंह मेवाड़ी, शिक्षक-अभिभावक समिति के सदस्य किशोर चुफाल सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ. भारती बहुगुणा, डॉ. प्रकाश मठपाल सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी, छात्र-संघ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










