‘मदद मांगना कमजोरी नहीं, समझदारी है’ विषय पर मानसिक स्वास्थ्य जागरुकता कार्यक्रम आयोजित।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण के मेंटल हेल्थ क्लब के तत्वावधान में राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज चौनलिया में ‘मदद मांगना कमजोरी नहीं, समझदारी है’ विषय पर मानसिक स्वास्थ्य जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरुक करना तथा तनावमुक्त एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण के रसायन विज्ञान विभाग के सहायक आचार्य डॉ. साबिर हुसैन ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य स्वस्थ एवं सफल जीवन की आधारशिला है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में पढ़ाई का दबाव, परीक्षा परिणाम की अपेक्षाएं, भविष्य एवं करियर की चिंता तथा सोशल मीडिया का प्रभाव छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को नकारात्मक रुप से प्रभावित कर रहे हैं।
उन्होंने छात्रों को तनाव प्रबंधन, समय प्रबंधन, नियमित योग एवं ध्यान, पर्याप्त नींद और संतुलित आहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही परिवार, दोस्तों एवं शिक्षकों से खुलकर संवाद करने और अपनी भावनाएं व्यक्त करने पर भी जोर दिया। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को छिपाने के बजाय समय रहते उचित परामर्श लेने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज चौनलिया के प्रधानाचार्य शैलेन्द्र जोशी का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के संचालन में जंतु विज्ञान विभाग के सहायक आचार्य डॉ. दयाकृष्ण ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर पॉलीटेक्निक कॉलेज के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










