ओखलकांडा में दर्दनाक हत्याकांड: अवैध संबंध के शक में पत्नी की हत्या, फरार आरोपी गिरफ्तार।
भीमताल (नैनीताल)। विकासखंड ओखलकांडा के तल्ला ओखलकांडा में बीते 21 अगस्त 2026 की रात पत्नी की पीटकर हत्या करने वाले फरार आरोपी भीम सिंह को थाना खनस्यूं पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पूछताछ में अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि वह शराब के नशे में था तथा पत्नी के अवैध संबंध होने के शक में उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
चार बच्चों की मौजूदगी में पत्नी की हत्या:
विवेचना के दौरान प्रकाश में आया कि अभियुक्त ने अपने चारों बच्चों की मौजूदगी में अपनी पत्नी डिकर देवी को डंडों एवं चम्मच आदि से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद अभियुक्त रात में घर पर ही सो गया तथा अगले दिन सुबह बच्चों को धमकाकर घटना के संबंध में किसी को कुछ न बताने की बात कहकर घर से फरार हो गया।
तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज:
मृतका के पिता गुमान सिंह की तहरीर के आधार पर थाना खनस्यूं में अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना खनस्यूं पुलिस एवं हल्द्वानी से पहुंची फॉरेंसिक टीम द्वारा क्षेत्राधिकारी भवाली के पर्यवेक्षण में घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए आवश्यक भौतिक साक्ष्यों का संकलन किया गया।
एसएसपी के निर्देश पर गठित की गई पुलिस टीम:
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चन्द्र, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल एवं थानाध्यक्ष खनस्यूं अनीस अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।
वडियाड लूगड़ काठगोदाम के पास से गिरफ्तारी:
पुलिस टीम ने सुरागरसी एवं तलाश के बाद अभियुक्त भीम सिंह को वडियाड लूगड़ काठगोदाम के पास से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम में:
1- थानाध्यक्ष अनीस अहमद
2- चौकी प्रभारी ओखलकांडा उ.नि. कृष्णा गिरी
3- अ.उ.नि. नरेश कुमार
4- हेड कांस्टेबल महेश मर्तोलिया
5- हेड कांस्टेबल भूजेंद्र सिंह
6- कांस्टेबल राम सिंह राणा
7- कांस्टेबल जय किशन शामिल रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल













