डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में नवप्रवेशित शिक्षार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में संचालित उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय अध्ययन केंद्र द्वारा नवप्रवेशित शिक्षार्थियों हेतु एक दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्य ने नवप्रवेशित शिक्षार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि दूरस्थ शिक्षा उन शिक्षार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी है, जो किसी कारणवश नियमित शिक्षा प्रणाली से नहीं जुड़ पाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षार्थियों को मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली के विषय में व्यापक जानकारी प्रदान करना था। इस दौरान शिक्षार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा प्रणाली, असाइनमेंट तैयार करने, अध्ययन सामग्री के उपयोग तथा विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान किए जा रहे डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग से संबंधित उपयोगी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम समन्वयक कौशल कुमार अग्रवाल ने शिक्षार्थियों को मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों एवं समय-समय पर आयोजित होने वाले परामर्श सत्रों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। वहीं, सह-समन्वयक डॉ. सुभाष चंद्र आर्या ने भी नवप्रवेशित शिक्षार्थियों के साथ महत्वपूर्ण सूचनाएं साझा की।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षार्थी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *