37 वर्षों की उत्कृष्ट सेवा के बाद जयंती जोशी महिला स्वास्थ्य पर्यवेक्षिका के पद पर हुई पदोन्नत।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण में कार्यरत एएनएम जयंती जोशी को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में महिला स्वास्थ्य पर्यवेक्षिका के पद पर पदोन्नति मिल गई है।

लगभग 37 वर्षों तक समर्पण, निष्ठा एवं उत्कृष्ट सेवाएं देने वाली जयंती जोशी, पत्नी नवीन चंद्र जोशी, निवासी ग्राम द्यौना, विकासखंड भिकियासैंण ने महिला स्वास्थ्य पर्यवेक्षिका का पदभार ग्रहण कर लिया है।

मालूम हो कि जयंती जोशी की प्रथम नियुक्ति मार्च 1989 में प्राथमिक स्वास्थ्य कार्यकर्ती (बीएचडब्ल्यू) के पद पर हुई थी। उन्होंने मार्च 1989 से जुलाई 1992 तक प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ के अंतर्गत राजकीय महिला चिकित्सालय बैजनाथ में अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

इसके उपरांत उनका स्थानांतरण मातृ-शिशु एवं परिवार कल्याण उपकेंद्र भैंसण गाँव, सोमेश्वर में हुआ, जहां उन्होंने अगस्त 1992 से जुलाई 2001 तक कार्य किया।

बाद में उन्हें वरिष्ठ प्राथमिक स्वास्थ्य कार्यकर्ती के पद पर पदोन्नत किया गया तथा मातृ-शिशु एवं परिवार कल्याण मुख्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण में नियुक्ति मिली। यहां उन्होंने अगस्त 2001 से मई 2026 तक अपनी सेवाएं पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाईं।

विभागीय प्रशिक्षण प्राप्त करने एवं परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने के बाद अब उन्हें महिला स्वास्थ्य पर्यवेक्षिका के पद पर पदोन्नति प्रदान की गई। उनकी इस उपलब्धि पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण में स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

पदभार ग्रहण करने के बाद सीएचसी भिकियासैंण के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमजद खान, चिकित्सा अधिकारी डॉ. टम्टा, बीपीएम नवल जोशी, बीएलए दीपक पाण्डे, एएनएम कविता कड़ाकोटी, दीपा मावड़ी सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समस्त पैरामेडिकल स्टाफ ने जयंती जोशी को पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सहकर्मियों ने कहा कि जयंती जोशी ने अपने पूरे सेवाकाल में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा जनस्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनकी कर्मठता, अनुशासन और सेवाभाव विभाग के अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत रहे हैं।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *