पहली बार अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज चौनलिया में होगा दो दिवसीय भव्य ककलासौं महोत्सव 2026 का आयोजन, सुप्रसिद्ध लोक गायक होंगे आकर्षण का केंद्र।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। ककलासौं एकता मंच द्वारा पहली बार दो दिवसीय भव्य ककलासौं महोत्सव 2026 का आयोजन 30 एवं 31 मई 2026 को अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज चौनलिया में किया जा रहा है। कार्यक्रम प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजित होगा।

ककलासौं महोत्सव के अध्यक्ष बलराज सिंह नेगी ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए समस्त ककलासौं वासियों से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यक्रम की अग्रिम शुभकामनाएं भी दी।

दो दिवसीय इस सांस्कृतिक महोत्सव में उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोक गायक शिव दंत पंत के संयोजन में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम में लोक गायक पन्नू गुसाईं, श्रवण भारद्वाज, दीपा पंत, महेश कुमार, बिशन हरियाला एवं रमेश बाबू गोस्वामी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।

महोत्सव की विशेष बात यह रहेगी कि ककलासौं क्षेत्र के स्कूली बच्चों एवं महिलाओं को भी मंच संचालन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने का अवसर दिया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, उत्तराखंड सरकार के श्रम राज्य मंत्री कैलाश पंत, मदन मोहन सती सहित कई गणमान्य लोग कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।

महोत्सव में ककलासौं पट्टी के 39 गाँवों के जनप्रतिनिधि, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, ब्लॉक प्रमुख भिकियासैंण एवं क्षेत्रवासियों के सहयोग से आयोजन को भव्य रुप दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में आने वाले सभी लोगों के लिए भोजन की उचित व्यवस्था विधायक रानीखेत डॉ. प्रमोद नैनवाल द्वारा की जाएगी। वहीं ब्लॉक प्रमुख भिकियासैंण दिगम्बर डंगवाल का आयोजन में विशेष सहयोग रहा है।

पहली बार ककलासौं पट्टी में आयोजित हो रहे इस दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव को लेकर क्षेत्रीय लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और सभी को इस विशेष आयोजन का बेसब्री से इंतजार है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सुंदर डंगवाल, गिरीश कड़ाकोटी, मदन कठायत, दिगम्बर डंगवाल, किशना नंद पंत, नीमा कड़ाकोटी, किरण पांडे सहित समस्त ककलासौं वासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहेगा।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *