हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खटीमा में भारत बौद्धिक परीक्षा-2026 के पंजीकरण शुरु।
प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार कटियार ने डॉ. सुरेंद्र विक्रम सिंह पडियार को बनाया नोडल अधिकारी।
खटीमा (उधम सिंह नगर)। विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान द्वारा भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति एवं बौद्धिक विरासत से विद्यार्थियों को परिचित कराने के उद्देश्य से भारत बौद्धिक परीक्षा (Bharat BoudhIKS 2.0) राष्ट्रीय परीक्षा-2026 का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा में महाविद्यालय के विद्यार्थियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए हेमवती नन्दन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खटीमा के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार कटियार ने गणित विभाग के डॉ. सुरेंद्र विक्रम सिंह पडियार को महाविद्यालय का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
भारत बौद्धिक परीक्षा-2026 का आयोजन 21 नवंबर 2026 को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक किया जाएगा। परीक्षा की अवधि दो घंटे निर्धारित है। इसमें स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। परीक्षा के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 है तथा परीक्षा शुल्क ₹100 प्रति विद्यार्थी निर्धारित किया गया है। परीक्षा हिंदी, अंग्रेजी एवं उर्दू माध्यम में आयोजित होगी।
परीक्षा में भारतीय ज्ञान परंपरा, कला, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, संस्कृति, इतिहास एवं समसामयिक विषयों से संबंधित पाठ्य सामग्री को शामिल किया गया है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान-विरासत एवं समृद्ध बौद्धिक परंपरा को समझने का अवसर मिलेगा।
परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं।
■ राष्ट्रीय प्रथम स्थान: ₹1,00,000
■ राष्ट्रीय द्वितीय स्थान: दो विद्यार्थियों को ₹50,000-₹50,000
■ राष्ट्रीय तृतीय स्थान: चार विद्यार्थियों को ₹25,000-₹25,000
इसके अतिरिक्त प्रत्येक राज्य एवं केंद्रशासित प्रदेश से एक टॉपर को ₹5,000, 500 संस्थागत टॉपर्स को Consolation Award के रुप में ₹2,500 तथा उत्कृष्ट छात्र सहभागिता के लिए 10 Institutional Leaders को ₹25,000 एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। प्रतिभागियों को Participation एवं Merit Certificates भी प्रदान किए जाएंगे।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार कटियार ने विद्यार्थियों से राष्ट्रीय स्तर की इस परीक्षा में अधिकाधिक संख्या में प्रतिभाग करने एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर पंजीकरण कराने का आह्वान किया।
नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र विक्रम सिंह पडियार ने बताया कि परीक्षा विद्यार्थियों में भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति रुचि विकसित करने के साथ-साथ उनके बौद्धिक विकास एवं राष्ट्रीय दृष्टिकोण को व्यापक बनाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय स्तर पर पंजीकरण एवं परीक्षा से संबंधित आवश्यक समन्वय की व्यवस्था की जा रही है।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल






