राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खटीमा में ‘मेरे सपनों का विकसित भारत @2047’ कार्यक्रम का शुभारंभ।
खटीमा (उधम सिंह नगर)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खटीमा में ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का विकसित भारत @2047’ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. एस.के. कटियार द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर प्राचार्य डॉ. कटियार ने छात्र-छात्राओं को कार्यक्रम की मूलभूत अवधारणा से अवगत कराते हुए उन्हें विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व निर्माण तथा जीवन के उद्देश्यों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्र के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने के लिए भी जागरुक किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत ‘केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्य’, ‘विकसित भारत @2047 : मेरी कल्पना’ तथा ‘राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका’ विषयों पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका, विकास की संभावनाओं तथा राष्ट्र के भविष्य को लेकर अपने विचारों को निबंध के माध्यम से प्रस्तुत किया।
निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हासिल किए स्थान:
प्रथम स्थान: करणवीर सिंह (बी.एड. तृतीय सेमेस्टर) एवं रश्मि राणा (बी.एड. प्रथम सेमेस्टर) ने संयुक्त रुप से प्रथम स्थान प्राप्त किया।
द्वितीय स्थान: दीपा जोशी (एम.ए. तृतीय सेमेस्टर, भूगोल) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
तृतीय स्थान: करण पोखरिया (बी.एड. प्रथम सेमेस्टर) एवं सुमित (बी.एड. प्रथम सेमेस्टर) ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. बृजेश सिंह, डॉ. एफ.डी. राही एवं डॉ. रोमा गुहा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ते हुए उनमें राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी, नेतृत्व और सकारात्मक सोच की भावना विकसित करना है।
कार्यक्रम के अवसर पर डॉ. रेखा पांडे, डॉ. रेखा देव, डॉ. नमिता सामंत, डॉ. पिंकी भट्ट, डॉ. सुरेंद्र विक्रम सिंह पडियार, डॉ. पूजा कापड़ी सहित अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल






