बद्रीनाथ धाम थाली भेंट अनियमितता मामले में एसआईटी की बड़ी कार्रवाई, मंदिर समिति का कर्मचारी गिरफ्तार।

चमोली (उत्तराखंड)। श्री बद्रीनाथ धाम में थाली भेंट की धनराशि एवं अन्य भेंट सामग्री से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में चमोली पुलिस ने विशेष जाँच दल (एसआईटी) की जाँच के आधार पर श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर की वित्तीय पारदर्शिता से जुड़े इस मामले को प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, 08 जुलाई 2026 को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान ने कोतवाली बद्रीनाथ में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 02 जुलाई 2026 को थाली भेंट की गणना के दौरान अनियमितता की सूचना मिलने पर मंदिर समिति द्वारा विभागीय जाँच कराई गई। प्रारंभिक जाँच में समिति के कर्मचारी प्रमोद नौटियाल पर भेंट की धनराशि एवं अन्य सामग्री को कथित रुप से निजी लाभ के लिए अपने कब्जे में लेने के आरोप सामने आए।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जाँच शुरु की। पुलिस अधीक्षक चमोली के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी चमोली के पर्यवेक्षण में विशेष जाँच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।

पुलिस के अनुसार, जाँच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया गया, संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज किए गए तथा सीसीटीवी फुटेज का परीक्षण किया गया। फुटेज में आरोपी को कथित रुप से कई बार गणना कक्ष से नकदी एवं अन्य भेंट सामग्री छिपाकर बाहर ले जाते हुए देखा गया।

जाँच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अलग-अलग समय पर ₹500/- के नोट, सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला तथा केसर का पैकेट अपने कब्जे में लिया। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों एवं गवाहों के बयानों के आधार पर पर्याप्त प्रमाण मिलने के बाद 12 जुलाई 2026 की रात देहरादून स्थित आरोपी के आवास से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *