एसएसपी अल्मोड़ा के निर्देश पर गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई, नशा तस्करी से खरीदी गई स्विफ्ट डिजायर वाहन जब्त।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर अल्मोड़ा पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी से अर्जित आय से खरीदी गई एक स्विफ्ट डिजायर कार को जब्त कर लिया है। यह कार्रवाई थाना भतरौंजखान पुलिस द्वारा की गई।

एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों में संलिप्त अभियुक्तों द्वारा अवैध व्यापार से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कुर्की एवं जब्ती की प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मामला क्या है?
भतरौंजखान पुलिस ने 1 फरवरी 2025 को वाहन संख्या UK04R5051 (स्विफ्ट डिजायर) से तीन अभियुक्तों जीवन आर्या उर्फ जग्गू, रोहित कुमार और भूपेश कुमार उर्फ बॉबी के कब्जे से 42.515 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया था। इस संबंध में थाना भतरौंजखान में एफआईआर संख्या 05/2025 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था।

इसके बाद थानाध्यक्ष भतरौंजखान ने 6 मई 2025 को उक्त तीनों आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज कराया।

विवेचना में सामने आया बड़ा खुलासा:
गैंगस्टर एक्ट की विवेचना के दौरान यह पाया गया कि अभियुक्त भूपेश कुमार उर्फ बॉबी, पुत्र आनंद सिंह, निवासी नई बस्ती लालडांग, थाना रामनगर, जनपद नैनीताल ने मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध आय से चल संपत्ति अर्जित की थी।

एसएसपी के निर्देशानुसार विवेचक द्वारा आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद थानाध्यक्ष अवनीश कुमार एवं हेड कांस्टेबल श्रवण सैनी ने बुधवार को एफआईआर संख्या 18/2025, धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उक्त स्विफ्ट डिजायर (UK04R5051) को धारा 14(1) गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत कुर्क कर जब्त कर लिया।

पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ी जा सके।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *