कालाढूंगी में नारी शक्ति सम्मान समारोह में सीएम धामी की बड़ी घोषणाएं, यूसीसी को बताया महिलाओं की सुरक्षा का ऐतिहासिक कानून।
कालाढूंगी (नैनीताल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज मैदान कालाढूंगी में आयोजित ‘नारी शक्ति सम्मान समारोह’ में मुख्य अतिथि के रुप में शिरकत की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली माताओं-बहनों को सम्मानित किया तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति के साहस, त्याग और योगदान के बिना उत्तराखंड की प्रगति की कल्पना भी नहीं की जा सकती। उन्होंने संस्कृत श्लोक के माध्यम से भारतीय संस्कृति में नारी के सर्वोच्च स्थान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि नारी का वास्तविक सम्मान तभी सार्थक है, जब उसे सम्मान के साथ समान अवसर मिलें, उसके निर्णयों को महत्व दिया जाए और वह आर्थिक रुप से आत्मनिर्भर बने।
अपनी पूज्य माता के संघर्षों को याद करते हुए सीएम धामी भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि पहाड़ की माताओं-बहनों का मनोबल हिमालय से भी ऊंचा है। जब नारी सशक्त होती है, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र सशक्त होता है।
महिलाओं के जीवन में योजनाओं से आया बदलाव:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले महिलाओं के नाम पर केवल राजनीति होती थी, लेकिन आज स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला, जन-धन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास जैसी योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव लाया है। उन्होंने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लोकतंत्र के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताया।
राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी 01 दिसंबर को राज्य की 5.20 लाख बहनों के खातों में दो किस्तों में धनराशि हस्तांतरित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के 71 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से 5 लाख से ज्यादा बहनें जुड़ी हैं और 3.50 लाख महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। इसके अतिरिक्त ‘मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना’ के तहत 700 बहनों को 6 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। वहीं, ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड से जुड़ी 5,500 महिलाओं ने 6 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया है।
अंकिता भंडारी मामले पर विपक्ष को घेरा, यूसीसी को बताया ऐतिहासिक कानून:
विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग अपनी डूबती राजनीतिक नैया बचाने के लिए अंकिता भंडारी जैसे दुखद मामले पर भी राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईटी की निष्पक्ष जाँच के बाद तीनों दोषियों को आजीवन कारावास की सजा मिल चुकी है और वे चार साल से जेल में हैं। सरकार ने परिवार की भावना का सम्मान करते हुए सीबीआई जाँच की सिफारिश भी की है।
समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे राज्य की 50 प्रतिशत महिला आबादी की शत-प्रतिशत सुरक्षा का ऐतिहासिक कानून बताया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित:
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने खेल, शिक्षा, कृषि और स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में संतोषी गुरुरानी, नमिता पाठक, निकिता सिंह, मोनी रावत, चंपा नैनवाल, ममता गुप्ता, गीतांजलि, हिना बिष्ट, भार्गवी रावत, डॉली बिष्ट, भूमिका जयंतवाल, लखपति दीदी दमयंती बिष्ट, पदमा बोहरा, कंचन भंडारी, मंजू रौतेला, सावित्री गर्जोला, शिवानी रावत, तनुजा खानायत तथा पूजा और रुपा शामिल रहीं।
कार्यक्रम को नव निर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्या, सांसद अजय भट्ट और विधायक बंशीधर भगत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। उन्होंने सभी महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कालाढूंगी के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं:
मुख्यमंत्री ने कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें प्रमुख रुप से —
■ कालाढूंगी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर 200 नए विद्युत पोल स्थापित किए जाएंगे।
■ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क का नवनिर्माण किया जाएगा।
■ युवाओं और खिलाड़ियों के लिए कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम बनाया जाएगा।
■ गोरापड़ाव बाईपास मार्ग से ग्राम बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा।
■ बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण किया जाएगा।
■ पर्यटन सत्र 2026-27 में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व पार्क में महिलाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से 70 अतिरिक्त महिला जिप्सियों का पंजीकरण किया जाएगा।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद दिनेश आर्या, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, मेयर गजराज बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, आईजी निवेदिता कुकरेती, डीएम नैनीताल ललित मोहन रयाल और एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय जनता उपस्थित रही।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल











