तेज अंधड़ और ओलावृष्टि से भिकियासैंण जीआईसी का विशाल आम का पेड़ गिरा, बड़ा हादसा टला।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। नगर पंचायत भिकियासैंण सहित आस-पास के सभी क्षेत्रों में रविवार दोपहर लगभग 12 बजे अचानक मौसम ने करवट ली। तेज अंधड़, मुसलाधार बारिश और ओलावृष्टि ने पूरे इलाके को प्रभावित किया।

आकाशीय बिजली की तेज गर्जना के साथ रामगंगा-गगास घाटी क्षेत्र में कुछ समय के लिए अंधेरा सा छा गया, जिससे सड़क पर चल रहे वाहनों को लाइट जलाकर आवागमन करना पड़ा।

इस दौरान अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज भिकियासैंण परिसर में वर्षों पुराना विशालकाय आम का पेड़ तेज हवाओं की चपेट में आकर टूटकर धराशायी हो गया। गनीमत रही कि पेड़ का मुख्य हिस्सा विद्यालय भवन पर नहीं गिरा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि यह घटना किसी कार्य दिवस में होती, तो जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।

पेड़ गिरने से विद्यालय परिसर में लगा एक विद्युत पोल और उससे जुड़े तार भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की संभावना है।

वहीं, तेज अंधड़ और ओलों के कारण आम समेत अन्य फलों और सब्जियों की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, मौसम में आए इस अचानक बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत जरुर मिली है।

प्रशासन से मांग की जा रही है कि क्षति का आकलन कर जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाए। वहीं क्षेत्र में चल रहे विवाह समारोहों के कार्यक्रमों में भी इस मौसम परिवर्तन के कारण काफी अवरोध उत्पन्न हुआ।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *