तल्ला सल्ट में बाघ के हमले से व्यक्ति की मौत, क्षेत्र में दहशत का माहौल।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। उत्तराखंड में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इसी क्रम में सल्ट क्षेत्र भी लंबे समय से इससे प्रभावित रहा है। क्षेत्र में पूर्व में भी इस प्रकार की अनेक घटनाएं घट चुकी हैं।
रविवार को थाना भतरौंजखान क्षेत्र के ग्राम सभा तड़म की तोक बोरड़ा (तल्ला सल्ट) निवासी महिपाल सिंह मेहरा (55 वर्ष), पुत्र लछम सिंह पर रविवार शाम करीब 5:15 बजे घर के समीप बाघ ने हमला कर दिया। इस हमले में महिपाल सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एवं वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई।
इधर, ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति काफी रोष व्याप्त है। इस घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।



