दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल ने बेस चिकित्सालय का किया निरीक्षण।
मरीजों से लिया स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक, गुणवत्तापूर्ण उपचार व स्वच्छता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।
अल्मोड़ा। उत्तराखंड सरकार के दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल ने राजकीय मेडिकल कॉलेज स्थित बेस चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर भर्ती मरीजों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना तथा उपचार व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के संबंध में सीधे फीडबैक लिया। मरीजों के तीमारदारों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं कर्मचारियों से अस्पताल संचालन, संसाधनों की आवश्यकता और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को जनसामान्य तक बेहतर ढंग से पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा चिकित्सा संस्थानों को आधुनिक सुविधाओं से सशक्त बनाया जा रहा है।
दर्जा राज्य मंत्री ने कहा कि अस्पतालों की वास्तविक स्थिति का आकलन मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए अधिकारियों को स्वच्छता बनाए रखने, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सी.पी. भैसोड़ा एवं डॉ. अनिल पांडे ने अस्पताल की व्यवस्थाओं और भविष्य की आवश्यकताओं की जानकारी दी। दर्जा राज्य मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण से जुड़े आवश्यक विषयों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान सहित विभिन्न स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










