पर्यटन सीजन के लिए नैनीताल पुलिस का मास्टर प्लान, सुबह 6 बजे से सड़कों पर तैनात रहेंगे अधिकारी।

नैनीताल। पर्यटन सीजन के आगाज और पहले वीकेंड पर उमड़ने वाली संभावित भीड़ के मद्देनजर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने जनपद की यातायात व्यवस्था को सुगम व सुव्यवस्थित बनाने के लिए मास्टर प्लान तैयार किया है।

आज शुक्रवार रात्रि को एसएसपी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के आला अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की, जिसमें स्पष्ट संदेश दिया गया कि पर्यटकों और स्थानीय जनता की सुविधा नैनीताल पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

प्रमुख रणनीतिक निर्णय और निर्देश —

प्रातः 6 बजे से मोर्चे पर तैनात होगी फोर्स:
एसएसपी ने सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी थाना प्रभारी, उपनिरीक्षक और अपर उपनिरीक्षक सहित अन्य पुलिसकर्मी कल प्रातः 6:00 बजे से अपने-अपने निर्धारित चौक-चौराहों और ‘बॉटल नेक’ (जाम संभावित क्षेत्रों) पर तैनात रहेंगे। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की शिथिलता अक्षम्य होगी।

अधिकारियों की सड़कों पर मौजूदगी:
सभी राजपत्रित अधिकारी भी स्वयं सड़कों पर उतरकर यातायात संचालन सुनिश्चित करेंगे।

डायवर्जन प्लान का शत-प्रतिशत पालन:
जनपद में लागू किए गए नए डायवर्जन प्लान को कड़ाई से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। भारी वाहनों को निर्धारित समय और स्थानों पर ही रोका जाएगा, ताकि छोटे वाहनों की आवाजाही बाधित न हो।

मोबाइल पुलिस पार्टी रहेगी सक्रिय:
मार्ग में किसी भी आकस्मिक बाधा या जाम से निपटने के लिए मोबाइल पुलिस पार्टी को लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।

एसएसपी नैनीताल का कड़ा संदेश:
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान यातायात प्रबंधन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उद्देश्य यह है कि नैनीताल आने वाला हर पर्यटक सुखद अनुभव लेकर जाए और स्थानीय निवासियों को भी दैनिक आवाजाही में कोई असुविधा न हो।

आम जनमानस से अपील:
नैनीताल पुलिस ने सभी पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित डायवर्जन रुट का ही उपयोग करें। पुलिस ने कहा कि सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *