सिद्धेश्वर धाम मानिला में विधिवत सम्पन्न हुआ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव, हजारों श्रद्धालु बने साक्षी।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। मानिला स्थित सिद्धेश्वर धाम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम विधिवत सम्पन्न हो गया। कार्यक्रम के दूसरे दिन मूर्ति स्थापना एवं यज्ञ के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रीय जनता ने हजारों की संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम के साक्षी बने तथा प्रसाद ग्रहण किया।
तहसील के मानिला क्षेत्र में इन दिनों भक्तिमय माहौल बना हुआ है। क्षेत्र के सुप्रसिद्ध सिद्धेश्वर धाम मंदिर में आयोजित दो दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम 14 मई 2026 को सम्पन्न हुआ। दो दिवसीय आयोजन में संतों एवं श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा रहा।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस कलश यात्रा मानिला देवी मंदिर से प्रारंभ होकर रथखाल नगर भ्रमण करते हुए सिद्धेश्वर मंदिर पहुंची। दोपहर में भंडारे के उपरांत भजन संध्या का आयोजन किया गया, वहीं रात्रि जागरण में भक्तिमय गीतों के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
दूसरे दिवस विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत मूर्ति स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा की गई। निरंतर मंत्रोच्चारण के बीच नई मूर्तियों सहित शिवलिंग की स्थापना मंदिर में की गई। मंदिर परिसर में विशाल यज्ञ के बाद दोपहर में क्षेत्र की सम्पूर्ण जनता के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए।
नव निर्मित मंदिर के शिल्प की श्रद्धालुओं ने सराहना की। मंदिर का नया स्वरुप, जिसमें आधुनिकता एवं पुरातन शैली का समन्वय दिखाई देता है, लोगों के बीच चर्चा एवं आकर्षण का केंद्र बना रहा।
मंदिर के नव निर्मित स्वरुप एवं प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का आयोजन समस्त क्षेत्रीय जनों तथा विशेष रुप से सिद्धेश्वर महादेव समिति एवं रामलीला रंगमंच समिति के सहयोग से शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ।



