लोक निर्माण विभाग का निर्माण खंड रानीखेत से स्याल्दे शिफ्ट करने की तैयारी, प्रस्ताव जारी होने से क्षेत्र में चर्चा तेज।

रानीखेत (अल्मोड़ा)। अंग्रेजों के शासनकाल से रानीखेत नगर की अपनी एक अलग पहचान रही है। जिस नगर में कभी कमिश्नर बैठते थे और जो उत्तर प्रदेश के समय सबसे बड़ी तहसील के रुप में जाना जाता था, वही रानीखेत आज लगातार अपना अस्तित्व खोता हुआ दिखाई दे रहा है। सरकार किसी भी दल की रही हो, लेकिन रानीखेत को अपने क्षेत्र के सरकारी कार्यालयों को बचाने के लिए हमेशा संघर्ष करना पड़ा है। लगभग हर वर्ष किसी न किसी सरकारी कार्यालय के स्थानांतरण की खबर सामने आती रही है।

इसी क्रम में अब खबर सामने आई है कि निर्माण खंड, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), रानीखेत को विधानसभा क्षेत्र सल्ट के स्याल्दे में नए खंड के रुप में स्थानांतरित किए जाने की तैयारी चल रही है। प्रस्ताव के अनुसार विकासखंड सल्ट, स्याल्दे एवं भिकियासैंण का क्षेत्र नए निर्माण खंड के अंतर्गत प्रस्तावित किया गया है। इस संबंध में प्रस्ताव भी जारी कर दिया गया है।

जारी पत्र के अनुसार, यह कार्रवाई सल्ट विधायक महेश जीना के पत्र संख्या 1248, दिनांक 05 अक्टूबर 2024 तथा शासन के पत्र संख्या 53/111(1)/26-09(10) सामान्य/2025, दिनांक 08 अप्रैल 2026 के अनुपालन में की जा रही है।

अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि क्या रानीखेत के नागरिक इस मामले में अपनी आवाज बुलंद कर इस कार्यालय को रानीखेत में बनाए रखने में सफल होते हैं, या फिर रानीखेत को एक बार फिर सरकारी कार्यालय के स्थानांतरण का सामना करना पड़ेगा।

इस प्रस्ताव के सामने आने के बाद रानीखेत बाजार सहित पूरे क्षेत्र में इसकी व्यापक चर्चा शुरु हो गई है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *