राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खटीमा में गणित विभाग की क्विज व पीपीटी प्रतियोगिताएं संपन्न।
खटीमा (उधम सिंह नगर)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खटीमा के गणित विभाग द्वारा विभागीय परिषद के अंतर्गत क्विज प्रतियोगिता एवं पीपीटी प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में गणितीय चिंतन, तार्किक क्षमता, शोधपरक दृष्टिकोण तथा व्यवहारिक जीवन में गणित की उपयोगिता के प्रति जागरुकता विकसित करना रहा।
क्विज प्रतियोगिता चार रोचक एवं प्रतिस्पर्धात्मक चरणों में आयोजित की गई, जिसमें भारतीय गणितज्ञों के योगदान के साथ-साथ गणित पाठ्यक्रम आधारित प्रश्नों को सम्मिलित किया गया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में एम.एससी. चतुर्थ सेमेस्टर के कमल भट्ट ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बी.एससी. चतुर्थ सेमेस्टर के हर्षित सिंह भंडारी द्वितीय तथा दिव्यांशु बिष्ट तृतीय स्थान पर रहे।
इसके उपरांत “व्यावहारिक जीवन में गणित की उपयोगिता” विषय पर पीपीटी प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने गणित के विविध आयामों को प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में संध्या कुमारी ने प्रथम, प्रतीक पोखरिया ने द्वितीय तथा नंदनी सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. परवीन पाण्डेय, डॉ. अविनाश कुमार मिश्रा, डॉ. खिलानंद जोशी, डॉ. पिंकी भट्ट एवं डॉ. संध्या भट्ट ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के ज्ञान, प्रस्तुति कौशल एवं तार्किक दृष्टिकोण की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु अत्यंत उपयोगी बताया।
कार्यक्रम में गणित विभाग के प्राध्यापक डॉ. नवीन मेहरा, डॉ. कुलदीप जोशी एवं डॉ. सुरेंद्र पडियार सहित विभाग के अन्य छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साह, प्रतिस्पर्धा और ज्ञानवर्धन के वातावरण में संपन्न हुआ।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










