राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य आज पहुंचेंगे हल्द्वानी, भाजपा कार्यकर्ता करेंगे भव्य स्वागत।
मालधनचौड़ से शुरु होगा दौरा, रामनगर और कालाढूंगी में स्वागत के बाद शाम छह बजे हल्द्वानी पहुंचेंगे सांसद।
हल्द्वानी (नैनीताल)। राज्यसभा के नवनिर्वाचित सांसद दिनेश आर्य रविवार को एक दिवसीय दौरे पर हल्द्वानी पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। सांसद के स्वागत और अभिनंदन के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से विभिन्न स्थानों पर तैयारियां की गई हैं। मालधनचौड़ से शुरु होने वाला उनका दौरा रामनगर और कालाढूंगी होते हुए हल्द्वानी पहुंचेगा, जहां उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुरेश तिवारी ने बताया कि सांसद दिनेश आर्य सुबह 9:30 बजे मालधनचौड़ से अपने दौरे की शुरुआत करेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे रामनगर में उनका स्वागत किया जाएगा। दोपहर 1:30 बजे कालाढूंगी में स्वागत कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं, दोपहर दो बजे भाखड़ा नदी पुल के पास पश्चिम मंडल भाजपा के कार्यकर्ता उनका अभिनंदन करेंगे।
इसके बाद सांसद दिनेश आर्य जुलूस के रुप में हल्द्वानी के लिए रवाना होंगे। शाम छह बजे उनके हल्द्वानी पहुंचने का कार्यक्रम है। नैनीताल रोड स्थित शहीद पार्क में उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की ओर से उनका अभिनंदन किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, भाजपा के वरिष्ठ नेता, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। सांसद के दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने व्यापक तैयारियां की हैं। विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रमों के माध्यम से उनके आगमन को यादगार बनाने की योजना है।
सांसद दिनेश आर्य का यह दौरा क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं से संवाद और संगठन के लोगों से मुलाकात के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके स्वागत कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल






