बिनसर सौनी वाहन हादसा: दूसरे मृतक की भुवन चन्द्र के रुप में हुई शिनाख्त।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। बिनसर सौनी के पास गहरी खाई में गिरे वाहन हादसे में मृत मिले दूसरे व्यक्ति की भी शिनाख्त हो गई है। पुलिस के अनुसार दूसरे मृतक की पहचान भुवन चन्द्र पुत्र गिरीश चन्द्र, उम्र 30 वर्ष, निवासी अमृतपुर, हल्द्वानी, जिला नैनीताल के रुप में हुई है। इससे पहले एक मृतक की पहचान जीवन चंद्र के रुप में हो चुकी थी।
ज्ञात हो कि विकासखंड ताड़ीखेत के चमड़खान के निकट तितालीखेत क्षेत्र में एक फोर्ड एंडेवर वाहन संख्या CH01CB5868 गहरी खाई में गिर गया था, जिसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जीवन चंद्र पुत्र पूरन चंद्र, निवासी बिठौरिया नंबर-1, घर में किसी बात को लेकर हुई बहस के बाद 22 जून 2026 को शाम करीब 5:30 बजे घर से निकल गए थे। इसके बाद रात लगभग 10:15 बजे उनकी परिजनों से अंतिम बार बातचीत हुई। इसके बाद उन्होंने कोई फोन रिसीव नहीं किया।
23 जून 2026 को दोपहर के समय रानीखेत क्षेत्र के चमड़खान के निकट तितालीखेत में एक व्यक्ति ने सड़क किनारे टूटा हुआ पैराफिट देखकर संदेह होने पर नीचे खाई में देखा, जहां एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में पड़ा हुआ दिखाई दिया। साथ ही दो शव भी खाई में पड़े मिले। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा की गई जाँच और पहचान प्रक्रिया के बाद दूसरे मृतक की पहचान भुवन चन्द्र के रुप में की गई। घटना के संबंध में पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



