छात्र संघ ने मुख्य अतिथि के समक्ष उठाईं महाविद्यालय की समस्याएं, समाधान का मिला आश्वासन।

मालधनचौड़ (नैनीताल)। राजकीय महाविद्यालय मालधनचौड़ में आयोजित तीन दिवसीय सेवा संकल्प अभियान का समापन हो गया है। समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रुप में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री पूरन चंद्र नैलवाल उपस्थित रहे। इस दौरान नवनिर्वाचित छात्र संघ पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत किया और महाविद्यालय की ज्वलंत समस्याओं को उनके समक्ष रखते हुए समाधान की मांग की।

छात्र संघ पदाधिकारियों ने महाविद्यालय में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार सहित विभिन्न समस्याओं के निराकरण की अपेक्षा जताई। इस पर मुख्य अतिथि पूरन चंद्र नैलवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राजकीय महाविद्यालय मालधनचौड़ में स्नातक स्तर पर विषयों का विस्तार करने, बीएससी एवं बीकॉम की कक्षाओं का संचालन शुरु करने तथा स्नातकोत्तर कक्षाएं प्रारंभ करने के संबंध में वे उत्तराखंड के उच्च शिक्षा मंत्री एवं मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी बात रखेंगे।

तीन दिवसीय सेवा संकल्प अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। अभियान के प्रथम दिवस निबंध प्रतियोगिता, द्वितीय दिवस चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता तथा तृतीय दिवस रंगोली प्रतियोगिता और खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सभी प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आगामी वार्षिकोत्सव में पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रुप में विक्रम सिंह नेगी, ग्राम प्रधान भवानीपुर खुल्बे; राजेंद्र सिंह गोसाई, उपप्रधान भवानीपुर खुल्बे तथा वरिष्ठ पत्रकार शेखर पपने उपस्थित रहे।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुशीला सूद ने अतिथियों का स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापित किया। साथ ही उन्होंने महाविद्यालय की समस्याओं पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन राजनीति विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर प्रियदर्शन बेलवाल ने किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रोफेसर डॉ. अनुपमा तिवारी, प्रो. (डॉ.) जी.सी. पंत, डॉ. पी.के. निश्चल, डॉ. प्रदीप चंद्र, योगाचार्य दीपा पांडे, मोहम्मद नफीस, शुभम, राकेश, जसवत एवं जगदीश सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *