पूर्व विधायक सुरेंद्र जीना व उनकी धर्मपत्नी की जन्म जयंती पर उमड़ी भीड़, लोक कलाकारों ने दी शानदार प्रस्तुति।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। सल्ट विधानसभा क्षेत्र के चौकोट स्थित देघाट में शनिवार को पूर्व विधायक स्वर्गीय सुरेंद्र जीना एवं उनकी धर्मपत्नी स्वर्गीय नेहा जीना की जन्म जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि एवं स्मरणोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर्गीय सुरेंद्र जीना एवं स्वर्गीय नेहा जीना के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने स्वर्गीय सुरेंद्र जीना के विधायक रहते हुए उनके सरल स्वभाव, समाज सेवा तथा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों को याद किया।
कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध लोक गायक शिवदत्त पंत, लोक गायिका प्रियंका मेहरा, महेश कुमार, शिरोमणि आदि ने अपनी शानदार प्रस्तुतियां दीं। लोकगीतों और लोकनृत्य की प्रस्तुतियों के दौरान मौजूद लोग जमकर झूमे।
कार्यक्रम के आयोजक एवं स्वर्गीय सुरेंद्र जीना के पुत्र प्रतीक जीना ने जनसमुदाय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस प्रकार का आशीर्वाद और प्यार जनता ने उनके पिता को दिया था, उसी प्रकार का आशीर्वाद और स्नेह उन्हें भी मिलता रहेगा।
गौरतलब है कि प्रतीक जीना आगामी विधानसभा चुनाव में सल्ट से चुनाव लड़ने की इच्छा रखते हैं और लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय हैं। कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ से उनका उत्साह बढ़ा है।
इस दौरान सहोता अस्पताल, काशीपुर की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। वहीं, काशी चैरिटेबल हेल्थ ट्रस्ट द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री पी.सी. नैलवाल एवं महेश्वर सिंह मेहरा, लीला बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख स्याल्दे मथुरा दत्त, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, धन सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल














